–  मध्य प्रदेश के श्रद्धालु माता के दर्शन हेतु जा रहे थे चिरगांव

– मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

झांसी। जनपद के थाना चिरगांव क्षेत्र में दशहरा की सायं भयानक हादसे में डूब गई। भांडेर रोड पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली अचानक खेतों की तरफ पानी भरी खाई में पलट जाने से सात महिलाओं समेत 11 लोग असमय काल के गाल में समां गये। मरने वालों में चार बच्चे भी बताए जा रहे हैं। हादसे में घायल कई लोगों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।

बताया गया है कि शुक्रवार को मध्यप्रदेश के जिला दतिया के ग्राम पंडोखर निवासी महिला, पुरुष व बच्चे दो ट्रैक्टर ट्राली में भरकर छिरौना में मेले में देवी माता के दर्शन व ज्वारे विसर्जित करने जा रहे थे। श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली जब शाम करीब पौने चार बजे के आसपास थाना चिरगांव क्षेत्र के भांडेर रोड पर थी तभी अचानक सामने मवेशी आ गया। मवेशी को बचाने के चक्कर में चालक एक ट्रेक्टर से संतुलन खो बैठा और श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित हो कर सड़क से खेतों में उतर कर पानी भरी खाई में पलट गई।

इस घटनाक्रम में ट्रॉली पलटने से उसमें सवार सभी लोग दब गए और जान बचाने को चीख-पुकार मच गई। यह देख कर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और ट्राली में फंसे व पानी में गिरे लोगों को बमुश्किल बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल ले गंभीर रूप से घायलों को मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। सूत्रों का कहना है कि इस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है। जिसमें सात महिलाएं और चार बच्चे भी शामिल है। बड़े हादसे की खबर से जिले में अफरातफरी मच गई और  अफसर भी मौके पर दौड़ पड़े। एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य शुरू करवाया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतकों की सूची – मरने वालों में पुष्पा देवी 40 पत्नी जानकी, मुन्नी देवी 40 पत्नी स्व. मोतीलाल, सुनीता 35 पत्नी रविंद्र, पूजा देवी 25 पत्नी अनिल, राजो 45 पत्नी कैलाश, प्रेमवती 50 पत्नी जसमन, कुसुमा देवी 55 पत्नी मनीराम, करस्या 10 पुत्री अनिल, परी एक वर्ष पुत्री नीरू, अनुष्का 4 वर्ष पुत्री बंटी, अवि डेढ़ साल पुत्र पवन शामिल हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी जिले के चिरगांव थाना के पास हुए भीषण हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के उपचार के पूरे प्रबन्ध करने के निर्देश दिए हैं।