अकाल मौतों का कारण बना चितगुवां बेतवा नहर पुल

झांसी/ बरुआसागर/पूंछ। बरुआसागर झरना तालाब में शनिवार की दोपहर नहा रहे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक का शव रविवार को सुबह मिल पाया। कस्बा बरुआसागर के सनोरा निवासी मनीष (24) पुत्र रामप्रसाद शनिवार को दोपहर झरना तालाब पर अपने साथी सुरेश के साथ गया था। सुरेश ने पुलिस को बताया कि मनीष ने तालाब में डुबकी लगाई और फिर नहीं निकल पाया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक सुनील तिवारी मय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद भी मनीष को नहीं खोजा जा सका। रविवार को सुबह मनीष का शव तालाब से बरामद हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
इसके अलावा शुक्रवार की रात थाना पूंछ के समथर रोड पर ग्राम चितगुआ के पास से निकली बेतवा नहर में दो बाइक सवार नहर में गिर गए, जिसमें एक व्यक्ति को फायर ब्रिगेड के जवानों ने बचा लिया था जबकि दूसरे का शव काफी खोजबीन के बाद शनिवार को घटनास्थल से थोड़ी दूर पर झाड़ियों में फंसा मिला।

थाना मोंठ के ग्राम जोरा निवासी विजय सिंह यादव (41) पुत्र टीकाराम एवं गांव के ही राजा सिंह बाइक क्रमांक up 93 au 6673 से शुक्रवार को सुबह करीब 9:30 बजे मध्य प्रदेश के ग्राम बड़ागांव भैंस खरीदने गए थे, लौटते समय रात करीब 9:00 बजे जैसे ही ग्राम चितगुआ बेतवा नहर के पास पहुंचे अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों बाइक समेत पुल की टूटी रेलिंग को लांघते हुए नहर में जा गिरे। राजा सिंह ने तैर कर किनारे आकर एक पत्थर को पकड़ लिया। रात करीब 9:30 बजे कस्बा समथर से मोंठ स्टेशन की फायर ब्रिगेड की गाड़ी लौट रही थी। गाड़ी की रोशनी देखकर राजा सिंह चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर फायर ब्रिगेड के जवानों ने गाड़ी को रोका और उन्होंने रस्सी से बाहर निकाल लिया। सूचना पर थाना प्रभारी विमलेश पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे लेकिन नहर में बहे विजय पाल सिंह का कोई पता नहीं चला। अंधेरा होने के कारण पुलिस वापस लौट आई और सुबह सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर बेतवा नहर के पानी का बेग कम करवाया। इसके बाद पुलिस सहित ग्राम जोरा के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंचे। दोपहर करीब एक बजे घटनास्थल से करीब 20 मीटर दूर झाड़ियों में विजय सिंह की लाश मिल गई।

अकाल मौतों का कारण बना नहर का पुल – झांसी के कस्बा पूँछ थाना क्षेत्र के ग्राम चितगुवा के आगे समथर मार्ग पर हमीरपुर शाख का नहर पुल मौत का सबब बनता जा रहा है। पिछले कुछ माह से बाइक सवार एक के बाद एक मौत का शिकार होते जा रहे है। नहर पुल में लगातार हो रहे हादसों से बचाव करने के लिए स्थानीय पुलिस एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लाखन सिंह द्वारा पुल के दोनो साइड लोहे की रेलिंग लगवा दी गई थी। जोकि लगने के कुछ ही दिन के बाद एक मारुति कार की टक्कर से ध्वस्त हो गई थी। जिसके बाद से उक्त नहर पुल की ना तो रेलिंग को ठीक किया गया और ना ही आस पास की मिट्टी को भरा गया। जिससे हादसों का क्रम लगा हुआ है।