झांसी। बहन-भाई के अटूट बंधन का पवित्र पर्व भैयादूज  शनिवार को परम्परा व सादगी से मनाया गया। बहनों ने भाइयों को तिलक लगा कर उनकी सलामती की दुआ मांगी तो भाईयों ने बहनों रक्षा का वचन दिया।

इस अवसर पर जिला कारागार परिसर भाइयों से मिलने को आतुर बहनों से गुलजार रहा। जैसे ही मिलाई के लिए कारागार का द्वार खुला बहनों ने भाइयों से मिलने दौड़ लगा दी। दूर-दराज से आई बहनों ने बंदी भाईयों के सूने माथे पर मंगल तिलक लगा कर मुंह मीठा कराया और लंबी उम्र के साथ जल्द सजा पूरी होने की कामना की तो भाइयों ने डबडबाती आंखों से बहनों को दुलार किया। इस दौरान ऐसे बंदी भाई सर्वाधिक दुुःखी व हताश दिखे जिनकी बहनें नहीं आईं थीं। उनकी छलकाती आंखों को बहनों का इंतजार था। मिलान का वक्त पूरा होते ही यहां माहौल भावुक हो गया।