युवती ने प्रेमी संग किया विवाह, जारी किया वीडियो
झांसी। जिले के थाना गुरसरांय क्षेत्र अंतर्गत एक युवती द्वारा आर्य समाज मंदिर में अपने प्रेमी के साथ वैदिक रीति से विवाह कर लिया । युवती ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर बताया कि उसने यह शादी अपनी मर्जी से की है और इसमें लड़के का कोई दोष नहीं है।
जिले के ककरवई निवासी एक व्यक्ति ने गुरसरांय थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उसकी 19 वर्षीय बेटी को मऊरानीपुर निवासी अंकित यादव अपने साथ ले गया है। पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अंकित यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
इधर, युवती और अंकित यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो दोनों ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए हैं।वायरल वीडियो में दोनों आर्य समाज मंदिर ट्रस्ट में शादी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवती कहती दिखाई दे रही है कि उसने अंकित से अपनी मर्जी से शादी की है और उस पर किसी तरह का दबाव नहीं है। युवती ने यह भी कहा कि इस मामले में लड़के को बेवजह दोषी न ठहराया जाए।













