झांसी। स्वच्छ सर्वेक्षण में इस बार उपलब्धि हासिल की है। इस बार उत्तर प्रदेश के एक लाख से दस लाख आबादी वाले शहरों में झांसी शहर दूसरे स्थान पर रहा जबकि पिछले सर्वेक्षण में झांसी को तीसरा स्थान मिला था। वहीं, देश भर के इस श्रेणी के शहरों में झांसी को 18 वां स्थान हासिल हुआ है। पिछली बार उसे इस श्रेणी मे 68 वां स्थान हासिल हुआ था। ओडीएफ प्लस एवं कूड़ा मुक्त शहर के तौर पर भी झांसी को थ्री स्टार हासिल हुआ है।
इस उपलब्धि पर नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह के दौरान झांसी नगर निगम के महापौर रामतीर्थ सिंघल एवं नगर आयुक्त अवनीश राय को सम्मानित किया गया। महापौर रामतीर्थ सिंघल ने इस उपलब्धि को सभी के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। पार्षदों ने भी नगर निगम के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जाहिर की है।