— सीनियर सेक्शन इंजीनियर (सिग्नल) मेन लाइन कार्यालय का लोकार्पण
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में रेल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा सीनियर सेक्शन इंजीनियर (सिग्नल) मेन लाइन, झांसी के नवीन एवं अत्याधुनिक कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह नया कार्यालय सिग्नल विभाग के कार्यों को अधिक सुव्यवस्थित, प्रभावी और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नवनिर्मित कार्यालय भवन में अत्याधुनिक सुविधाओं का समावेश किया गया है, जिनमें आधुनिक सिग्नलिंग प्रशिक्षण कक्ष, मॉड्यूलर डिज़ाइन वर्किंग डेस्क तथा महिला कर्मचारियों के लिए पृथक स्टाफ रूम जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। यह सुविधाएं कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ तकनीकी दक्षता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगी।
उक्त कार्यालय के अंतर्गत बीना–धौलपुर मेन लाइन सेक्शन के माताटीला स्टेशन से डबरा स्टेशन तक लगभग 120 किलोमीटर लंबे महत्वपूर्ण रेलखंड में स्थापित अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक सिग्नलिंग प्रणाली, ऑटोमेटिक सिग्नलिंग सिस्टम, एमएसडीएसी तथा इंटरलॉक्ड लेवल क्रॉसिंग गेटों के अनुरक्षण एवं संचालन का कार्य किया जाता है। इसी सेक्शन में झांसी जंक्शन का मेजर यार्ड भी शामिल है, जो झांसी मंडल के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण रेल खंडों में से एक है।
नवीन कार्यालय के संचालन से सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा इस महत्वपूर्ण रेलखंड में रेल संचालन की सुरक्षा, विश्वसनीयता और समय पालनता को और अधिक मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक नन्दीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता /समन्वय नरेन्द्र सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।














