भरुआ सुमेरपुर के समपार फाटक S-37 पर आधुनिक इंटरलॉकिंग व्यवस्था लागू
झांसी मंडल में रेल संरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व निर्देशन में भरुआ सुमेरपुर स्टेशन से संबद्ध समपार फाटक संख्या S-37 पर अत्याधुनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली का कार्य 10 मार्च को सफलतापूर्वक कमीशन कर दिया गया।
इस समपार फाटक पर Global मेक का Power Operated Lifting Barrier (POLB) तथा स्लाइडिंग बूम की आधुनिक व्यवस्था स्थापित की गई है। इस तकनीक के माध्यम से अब फाटक का संचालन सीधे स्टेशन की इंटरलॉकिंग प्रणाली से नियंत्रित होगा, जिससे रेल संचालन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय हो जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत जब तक समपार फाटक सुरक्षित रूप से बंद नहीं होगा, तब तक संबंधित सिग्नल क्लियर नहीं किया जा सकेगा। इससे ट्रेन संचालन में मानवीय त्रुटियों की संभावना कम होगी तथा सड़क और रेल यातायात के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित होगा।
यह कार्य मुख्य वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता/ब्रांच लाइन रश्मि गौतम तथा सहायक मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता रामकीरथ यादव की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
रेलवे द्वारा समपार फाटकों पर आधुनिक तकनीक के उपयोग से सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।














