झांसी। सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था “प्रयास: सभी के लिए” की संचालक मंडल की बैठक स्थानीय होटल में संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा के निर्देशन तथा अध्यक्ष रामबाबू शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन करना था।
बैठक के दौरान संस्था की कोर कमेटी की बैठक संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें आगामी सत्र के लिए उक्त पदाधिकारियों के चयन के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया उक्त निर्णय को संचालक मंडल की बैठक में भी ध्वनिमत से अनुमोदित कर संस्था के आगामी सत्र की कार्यकारिणी को अंतिम रूप प्रदान किया गया।
सभा के उपरांत निवर्तमान अध्यक्ष बैदेही शरण सरावगी ने वर्ष 2026-27 के लिए संस्था के चयनित पदाधिकारियों की औपचारिक घोषणा की जिसमें के.डी. गुप्ता को अध्यक्ष, नवीन श्रीवास्तव को महामंत्री तथा दिनेश चौरसिया को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसी क्रम में महिला विंग का गठन भी सर्वसम्मति से किया गया, जिसमें सरिता अग्रवाल को विंग चेयरपर्सन तथा साधना पटवारी को विंग सचिव का दायित्व सौंपा गया।
इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने संस्था की अब तक की यात्रा को स्मरण करते हुए कहा कि “प्रयास केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक चेतना की एक सतत यात्रा है। वर्षों पूर्व बोया गया यह छोटा-सा बीज आज एक सशक्त वटवृक्ष का रूप ले चुका है। यह यात्रा अनेक साथियों के समर्पण, विश्वास और सामूहिक संकल्प से संभव हुई है। हमें विश्वास है कि आने वाले अध्यायों में यह कारवां नई ऊँचाइयों को स्पर्श करेगा और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए संस्था के उद्देश्यों के प्रति निरंतर समर्पित रहने का आह्वान किया।
अध्यक्ष रामबाबू शर्मा ने कहा कि “प्रयास परिवार की सबसे बड़ी शक्ति इसके समर्पित साथी हैं। बीते सत्र में सभी साथियों ने जिस उत्साह, सहयोग और विश्वास के साथ संस्था की गतिविधियों को सफल बनाया, वह वास्तव में सराहनीय है। यही सामूहिकता और सकारात्मक ऊर्जा हमें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।” उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में संस्था समाज सेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में और भी उल्लेखनीय कार्य करेगी। बैठक का संचालन रामकुमार लोहिया ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से संरक्षक राजेंद्र अग्रवाल ‘रज्जू भैया’, सुनील खरे (पूर्व अध्यक्ष), अशोक अग्रवाल (पीएनबी), देवेन्द्र नगरिया, भरत सेठ, एड. अनिल श्रीवास्तव, दिनेश चौरसिया, अशोक ओमहरे, डी एस अग्रवाल, ओमप्रकाश सेठ,ऋषि लोहिया, एड. संजय खरे, हरविन्द कुमार, नवीन श्रीवास्तव, महेन्द्र दीवान, अवधेश कंचन, राजेन्द्र पटवारी,जय सहगल, सुनील बिलैया, देवेन्द्र गुप्ता,लखन पटवारी, ब्रजेश बड़ौनिया,अशोक पासी,सुभाष पुरवार, ऋतु पुरवार, अलका गेड़ा, कुमकुम गुप्ता, रेखा लोहिया, रेखा शर्मा, शारदा खरे, ऊषा सेठ, संगीता वर्मा, अंजू लोहिया, मधु पासी, श्वेता बड़ौनिया, अनीता चौरसिया, दिव्या नगरिया, सुनीता खरे सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। अंत में आभार व्यक्त करते हुए महामंत्री के. डी. गुप्ता ने कहा कि संस्था की सफलता प्रत्येक सदस्य के सहयोग और विश्वास की देन है। उन्होंने सभी साथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।














