सीटीएलसी को दिए पत्र में ट्रैकमैन की लापरवाही आई सामने
झांसी। झांसी – बीना रेल लाइन पर बबीना के निकट किमी नंबर 1101/30-40 के मध्य ड्यूटी के दौरान केरला एक्सप्रेस की चपेट में आने से ट्रेक मैन की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना को लेकर ट्रेकमैनों व रेलवे यूनियनों में आक्रोश व्याप्त है।
दरअसल, मध्य प्रदेश के भिण्ड के ग्राम उमरी निवासी अतुल कुमार झांसी रेल मंडल में ट्रेकमैन के पद पर कार्यरत है। मंगलवार की तड़के जब अतुल कुमार बबीना – बुढ़पुरा सेक्शन में होम सिग्नल (किमी नंबर 1101/30-40 के मध्य) अप लाइन पर ड्यूटी कर रहा था। इस लाइन पर ट्रेन के आने पर अतुल इस लाइन से हटकर डाउनलाइन पर चला गया। वह जब तक संभलपाता तब तक अचानक 12625 केरला एक्सप्रेस धड़धड़ाती डाउनलाइन पर आ गई और वह ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर आरपीएफ व जीआरपी मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। इस घटना की जानकारी लगते ही रेलवे के ट्रैकमैन व रेलवे संगठन के लोग इकट्टा हो गए और उन्होंने ट्रेकमैन के साथ हुई घटना को लेकर आक्रोश व्यक्त किया।
ट्रैकमैन की लापरवाही आई सामने, लोको पायलटों व गार्ड ने सीटीएलसी को भेजा पत्र
इस मामले में लोको पायलट मुवीन असलम, सहायक लोको पायलट विवेक दुबे व रेलवे गार्ड कपिल कुमार ने सीटीएलसी को एक पत्र भेजा है। पत्र में कहा है कि तीनों लोग ट्रेन ट्रेन नंबर 12625, लोको नंबर 30332/ आरपीएम में कार्यरत थे। गाड़ी कार्य के दौरान बुढ़पुरा-बबीना सेक्शन में होम सिग्नल किमी 1101/28 के आगे गैंगमेन ट्रेक के आर/ साइड में कार्य (बाहरी) कर रहा था। क्रू द्वारा लगातार हार्न बजाकर व इंजन की हैड लाइट जलाकर चेतावनी देने की कोशिश की गई। गाड़ी को ब्रेक द्वारा नियन्त्रित करने की कोशिश की गई। इस सबके बावजूद भी वह गैंगमैन ट्रेक से नहीं हटा व गाड़ी की चपेट में साइड से आ गया। क्रू द्वारा गाड़ी को तुरंत ब्रोकिंग करके किमी 1102/38 समय 07.34 पर गाड़ी को खड़ा किया। इस घटना की जानकारी को डिप्टी एसएस/बबीना व गाड़ी गार्ड कपिल कुमार की ओर से टीएलसी को दी गई। इंजन व गाड़ी को चेक किया व सबकुछ सही पाया। इसके उपरान्त टीएलसी/झांसी के निर्देशानुसार समय 07.45 पर गंतव्य के लिए संचालन किया।














