वैगन कारखाना में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर संगोष्ठी आयोजित
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के वैगन कारखाना, झांसी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य कारखाना प्रबंधक अजय श्रीवास्तवा ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित समाज सेविका डॉ नीति शास्त्री उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का आयोजन कारखाना ऑडिटोरियम में किया गया, जिसमें लगभग 250 महिला कर्मचारियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। इस अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता महिला कर्मचारियों को मुख्य कारखाना प्रबंधक एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। साथ ही महिला सफाई कर्मचारियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कारखाने में कार्यरत एस.एस.ई. नमिता सिजौरिया की पुत्री कुमारी आयुषी के UPSC में चयन होने पर उन्हें भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में मुख्य कारखाना प्रबंधक अजय श्रीवास्तवा ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल सहित सभी संस्थानों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और उनका योगदान संगठन की प्रगति में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिला कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आत्मविश्वास, शिक्षा और अवसर मिलने पर महिलाएं समाज और देश के विकास में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकती हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. नीति शास्त्री ने अपने प्रेरक व्याख्यान में महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और नेतृत्व क्षमता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए और कार्यस्थल पर सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने में सभी की समान जिम्मेदारी है। उन्होंने Women Empowerment, Gender Equality तथा Prevention of Sexual Harassment at Workplace जैसे विषयों पर भी जानकारी दी और कहा कि शिक्षित एवं सशक्त महिला ही मजबूत समाज की आधारशिला होती है।
कार्यक्रम का संचालन उषा सिंह ने किया। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला दिवस के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।













