सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ घटनाक्रम, पुलिस चोरों की तलाश में 
![]()
झांसी। जिले के एरच थाना क्षेत्र के ग्राम इसकिल में सर्राफ के घर और दुकान की तलाशी लेकर लाखों रुपए के सोने चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर रफूचक्कर हो गये, किंतु पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना की जानकारी कारोबारी को उस समय हुई जब वह अपने घर लौट कर आया तो देखा घर के ताले टूटे पड़े थे, दुकान और घर की अलमारियों से सोने चांदी के जेवरात व नकदी गायब थी। पुलिस द्वारा जांच पड़ताल कर चोरों की तलाश कर रही है।
एरच थाना क्षेत्र के ग्राम इसकिल निवासी जितेंद्र सोनी अपने घर पर ही दुकान में आभूषण बनाने का काम करते हैं। वह अपने परिवार के साथ मध्यप्रदेश के जिला छतरपुर में आयोजित विवाह समारोह में भाग लेने गये थे। घर और दुकान पर ताले लगे थे। समारोह से दूसरे दिन जितेंद्र अपने परिवार के साथ घर लौटकर आया तो देखा घर व पास में दुकान के दरवाजे के सारे ताले टूटे पड़े थे अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था।
सीसीटीवी कैमरे चैक करने पर चोरों द्वारा उसके घर और दुकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने का घटनाक्रम दिखाई दिया। जितेंद्र सोनी ने थाने में तहरीर और सीसीटीवी फुटेज देते हुए बताया कि चोरों ने उसके घर और दुकान से करीब 3.5 किलो ग्राम चांदी और 52 ग्राम सोना तथा पचास हजार की चोरी को अंजाम दिया है। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।













