वीडियो वायरल होने पर खुलासा हुआ, पुलिस ने किया मामला दर्ज
झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्रांतर्गत नौ वर्षीय बालक के साथ किशोरों ने सामूहिक दुष्कर्म कर वीडियो बनाई ली जिससे दहशत में आए पीड़ित ने घटना की जानकारी परिजनों को नहीं दी, किंतु आरोपियों द्वारा वीडियो वायरल करने से घटना उजागर होने पर पुलिस को तहरीर दी गई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर बालक का मेडिकल परीक्षण करा कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
नवाबाद थाना क्षेत्र के इंजीनियर कॉलेज के पास निवासी दलित परिवार के यहां सात मार्च को शादी समारोह का आयोजन था। परिवार के सभी लोग शादी समारोह में व्यस्त थे। मोहल्ले के ही दो किशोर उस बालक को अपने साथ बहला फुसला कर खंडहर में ले गए और उसके साथ अश्लील हरकते करते हुए सामूहिक दुष्कर्म कर वीडियो बनाई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने बालक को किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए चुप रहने की हिदायत दी।
दुष्कर्मियों की धमकी से घबराया पीड़ित चुपचाप अपने घर पहुंचा और दो दिन तक परिवार से कोई बातचीत नहीं कर गुमसुम रहने लगा। इस पर परिजनों ने उससे जानकारी लेने का काफी प्रयास किया। लेकिन दहशत के चलते बालक ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। विगत दिवस दुष्कर्म का वीडियो कुछ लोगों के मोबाइल पर वायरल कर दिया गया। इससे सनसनी फ़ैल गई।
एक व्यक्ति वायरल वीडियो लेकर पीड़ित बालक के घर पहुंचा और जब पूरी जानकारी दी तो परिजन हतप्रभ रह गए। इसके बाद परिजनों ने बालक से जानकारी लेने के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए वीडियो कब्जे में लेकर तत्काल आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पीड़ित बालक का मेडिकल परीक्षण कराया ओर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।













