– सिलिंडर के परखच्चे उड़े, वेल्डर घायल

झांसी। 28 जनवरी शुक्रवार को लगभग 9:30 बजे झांसी में वैगन मरम्मत वर्कशॉप भीषण धमाके से दहल उठा। दहशत से ग्रसित वर्कशॉप कर्मियों/अधिकारियों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान पता चला कि धमाके की आवाज रेलवे वर्कशॉप हॉर्स वेल्डिंग स्टोर में ऑक्सीजन सिलेंडर के फटने से हुई है। इस घटनाक्रम में 59 वर्षीय वेल्डर घायल हो गया है।

दरअसल, रेलवे वैगन मरम्मत वर्कशॉप में हमेशा की तरह कर्मचारी अपने अपने काम में मशगूल थे। इस दौरान स्पीकिंग सेक्शन में ऑन ड्यूटी वेल्डर रामरतन कुशवाहा (59 वर्ष) (निवासी नेहरू नगर रेलवे हॉस्पिटल के पीछे ललितपुर) वर्कशॉप के हॉर्स वेल्डिंग स्टोर से ऑक्सीजन सिलेंडर निकाल रहा था। उसने जैसे ही स्टोर से सिलिंडर को नीचे रखे टायर पर फेंका तभी वह भीषण धमाका हुआ और सिलिंडर के परखच्चे उड़ गए। सिलिंडर की चद्दर के टुकड़े इधर उधर पड़े थे और कर्मचारी दहशत से हड़बड़ी में इधर उधर भाग रहे थे।

इस घटनाक्रम में वेल्डर रामरतन कुशवाहा घायल हो गया जिसको उपचार के लिए रेलवे हॉस्पिटल झांसी सर्जिकल वार्ड में इलाज के लिए भर्ती किया गया। उसकी ड्यूटी 8:00 से 17:00 बजे तक थी। उधर, घटना स्थल के आसपास बिखरे पड़े सिलिंडर के अवशेषों को एकत्र कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई।

सिलिंडर फटने के दो घंटे बाद पेंटिंग शाप में हादसा

रेल वैगन मरम्मत कारखाने में एक ही दिन में दो घंटे के अंतराल में दूसरा हादसा हो गया। इसमें भी एक कर्मचारी घायल हो गया। सुबह धमाके के साथ ऑक्सीजन सिलिंडर फट गया था, जिसकी चपेट में आने से कर्मचारी रामरतन घायल हो गया था। इसके दो घंटे बाद पेंटिंग शाप में भी हादसा हो गया। यहां लकड़ी की सीढ़ी पर खड़ा कर्मचारी घनश्याम श्रीवास गिर कर घायल हो गया। कर्मचारी को इलाज के लिए रेलवे अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे रेलवे अस्पताल से महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।