झांसी। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 में दल बदल का खेल जारी है। इससे झांसी जिला अछूता नहीं रह गया है। तृतीय चरण के चुनाव में झांसी में समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष छत्रपाल सिंह यादव के बेटे और पार्टी के युवा नेता वीरु यादव बिना किसी शर्त अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए हैं। इसके साथ उन्होंने भाजपा को जीत दिलाने का संकल्प लिया।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव 2022 में जिला झांसी की बबीना विधानसभा सीट से वीरू यादव ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में दावेदारी ठोकते हुए जबरदस्त तैयारियां कर ली थीं। उन्हें उम्मीद थी कि इस बार टिकट उन्हें ही मिलेगा, किंतु पार्टी ने बबीना विधानसभा सीट से पूर्व सांसद डॉ चन्द्रपाल सिंह के पुत्र यशपाल सिंह को प्रत्याशी घोषित कर दिया। इससे वीरू यादव का सपा से मोहभंग हो गया। उन्होंने सपा का साथ छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया।

वीरु यादव ने लखनऊ में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा की सदस्यता लेने के बाद उन्होंने झांसी की बबीना विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी राजीव सिंह पारीछा को जीत दिलाने का संकल्प लिया। वीरू के भाजपा में शामिल होने से जहां बबीना विधानसभा सीट समाजवादी पार्टी की हार का कारण बनती दिखाई दे रही है वहीं भाजपा प्रत्याशी राजीव सिंह पारीछा की भारी मतों से जीत का मार्ग प्रशस्त हो गया है। वीरू अपने समर्थकों की फौज का रुख भाजपा के पक्ष में कर सपा नेतृत्व को अपनी ताकत का अहसास कराने में जुट गए हैं।