सर्टिफिकेट लेकर भटक रहा दूल्हा, दुल्हन ने की प्रेमी संग कोर्ट मैरिज
झांसी। झांसी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन में हुई शादी के बाद ऐसा मामला सामने आया जिसने सभी को हैरान कर दिया। जैसे ही योजना के तहत सहायता राशि का चेक मिला दुल्हन अपने प्रेमी के साथ रफूचक्कर गई। बेचारा दूल्हा अब शादी का सर्टिफिकेट लेकर भटक रहा है। उसका कहना है कि 25 अप्रैल को विदाई का वादा किया था, लेकिन पहले ही दुल्हन सारा सामान लेकर चली गई। दूल्हे ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
झांसी के बबीना के खैलार निवासी साइबर कैफे संचालक शैलेंद्र सनोरिया ने बताया कि उनकी शादी सीपरी बाजार क्षेत्र की युवती से तय हुई थी। लड़की पक्ष की सहमति से दोनों ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रजिस्ट्रेशन कराया और 19 फरवरी को कोछाभांवर में आयोजित सम्मेलन समारोह में विवाह संपन्न हुआ। विवाह के बाद वधू पक्ष ने रस्मों के साथ विदाई का भरोसा दिलाया, जिसके चलते वे शादी में मिला सारा सामान अपने साथ ले गए।
शैलेंद्र के अनुसार 11 मार्च को शादी का प्रमाण पत्र अपलोड होने के बाद उसकी पत्नी के खाते में 60 हजार रुपये की सहायता राशि आ गई। आरोप है कि इसके अगले ही दिन वह अपने प्रेमी के साथ चली गई और अपने साथ गहने भी ले गई। फोन करने पर उसने लौटने से साफ इनकार कर दिया।
दुल्हन की यह करतूत देख कर दूल्हा व उसके परिजन परेशान हो गए हैं। दूल्हा अब समाज कल्याण विभाग और पुलिस के चक्कर लगा रहा है। उसका कहना है कि बिना तलाक के वह दूसरी शादी भी नहीं कर सकता, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई है। इस मामले में सीपरी बाजार थाना में युवती के परिजनों की ओर से गुमशुदगी दर्ज कराई गई है।
प्रेमी संग कोर्ट मैरिज कर लौटने से किया इन्कार
इधर, पुलिस जांच में सामने आया कि युवती अपने प्रेमी के साथ मध्य प्रदेश के दतिया जिले के भांडेर चली गई, जहां दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। अब युवती ने शैलेंद्र के पास लौटने से साफ इन्कार कर दिया है, जिससे मामला और उलझ गया है क्योंकि मामला सामूहिक विवाह योजना की धनराशि हड़पने का भी बनता है।














