झांसी। विधानसभा चुनाव में बुंदेलखंड में भाजपा की झोली में से तीन सीटें निकल गई। बुंदेलखंड की 19 विधानसभा सीट में से 16 सीटों पर भाजपा/गठबंधन ने जीत दर्ज की। जिन तीन सीटों पर भाजपा को नुक़सान हुआ वह समाजवादी पार्टी के खाते में चलीं गईं। जबकि, बुंदेलखंड में बसपा और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल पाया।

बांदा की बबेरू विधानसभा सीट से भाजपा के अजय पटेल को पराजय का सामना करना पड़ा। यहां से सपा के विशंभर यादव ने जीत हासिल की। भाजपा के हाथ से चित्रकूट सदर सीट भी फिसल गई। यहां राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने अपनी सीट गवां दीं। सपा के अनिल प्रधान ने उन्हें शिकस्त दी। जालौन जिले में भी भाजपा को एक सीट से हाथ धोना पड़ा। भाजपा ने गठबंधन में कालपी सीट निषाद पार्टी को दी थी। निषाद पार्टी ने यहां से छोटे सिंह को प्रत्याशी बनाया था, जो सपा के विनोद चतुर्वेदी से हार गए। बताया गया है कि यदि इस सीट पर भाजपा के कमल निशान पर चुनाव लड़ा गया होता तो सीट निकल सकती थी।