– दूसरी बीवी ने खोले सीरियल किलर के राज : प्रॉपर्टी के लिए दोस्त को मार उसकी पत्नी से शादी की; फिर उसे, उसके बेटे-भतीजे को मार डाला

ग्वालियर/झांसी। झांसी के मऊरानीपुर में पत्नी, बेटे एवं भतीजे की हत्या करने के बाद लगभग 10 वर्ष से फरार चल रहा ऐसा हत्यारोपी ग्वालियर मप्र पुलिस के हत्थे चढ़ गया जो ग्वालियर में वेश बदलकर फर्जी नाम से रह रहा था और उसने अपने ही दोस्त की हत्या कर उसकी पत्नी से ही शादी भी कर ली थी। पूछताछ के दौरान उसने जो खुलासे किए वह हेरान करने के साथ दिल दहला देने वाली ऐसी फिल्म की कहानी निकली जिसमें लव, सेक्स, धोखा, सस्पेंस, एक्शन, ड्रामा सब कुछ है। पुलिस ने भी नहीं सोचा था कि मारपीट और धोखाधड़ी का मामला सीरियल मर्डर तक पहुंच जाएगा। जांच के बाद जो सच्चाई सामने आई, वह हैरान करने वाली थी। ये मामला 10 साल पहले हुई चार हत्याओं का निकला। आरोपी को पकड़ने के बाद जांच की तो प्याज की तरह परतें खुलती चली गईं। शातिर ने अपने दोस्त समेत चार लोगों को मौत के घाट उतार दिया। फिर 10 साल तक पुलिस को छकाता रहा।

कहते हैं कि अपराध कभी छिपता नहीं। आरोपी की अगला शिकार बनने वाली दूसरी पत्नी के साहस ने इस सीरियल किलर का खून से सना काला सच सामने ला दिया। दरअसल, 14 मार्च 2022। ग्वालियर की रहने वाली अनामिका मेहरा ने झांसी रोड थाने पहुंच कर अपने पति राजेंद्र मेहरा (36) द्वारा मारपीट, धमकी और गाली-गलौज करने की शिकायत की। ग्वालियर के बड़े ट्रांसपोर्टर की पुत्री अनामिका के मुताबिक शादी के कुछ दिन बाद ही राजेंद्र उसे परेशान करने लगा था। मारपीट करना, घर खर्च के लिए पैसे नहीं देना रोज की बात हो गई थी।

अनामिका ने पुलिस को बताया कि 6 महीने पहले मेरे हाथ कुछ कागजात लगे। इससे मुझे पता चला कि मेरे पति का असली नाम राजेश कमरिया है। वह धोखाधड़ी और हत्या जैसे अपराधों में शामिल है। इसके बाद मैं राजेश से अलग होकर पिता के पास चेतकपुरी में रहने लगी। राजेश उसे फोन पर जान से मारने की धमकियां देने लगा। 12 मार्च को अनामिका पिता से थोड़ी देर में आने का कहकर निकली थी। रास्ते में राजेश ने साथियों के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया और जमकर पीटा। वह उसे जान से मारने की फिराक में थे, किंतु किसी प्रकार वह बच निकली। उसने झांसी रोड थाने में पुलिस को मैंने दस्तावेज दिए।

पुलिस ने जब रिकॉर्ड खंगाला, तो झांसी रोड थाने में राजेश मारपीट के मामले में फरार निकला। राजेश को पकड़ने के लिए बिलौआ पुलिस से संपर्क किया गया। यहां पता चला कि 2014 में हुई 36 लाख की धोखाधड़ी के मामले में वह फरार था। इसके बाद 16 मार्च को बिलौआ थाना क्षेत्र स्थित घर से उसे उठा लिया। पूछताछ के बाद जो कहानी सामने आई, उससे पुलिस भी चौक गई।

चार हत्याओं पर से पर्दा उठा : राजेंद्र मेहरा का असली नाम राजेश कमरिया ही है। वह 12वीं तक पढ़ा है। राजेश ने पुलिस को बताया कि ग्वालियर के बालाबाई के बाजार में मनोज गहलोत परिवार के साथ रहता था। राजेश भी इसी इलाके में रहता था। दोनों दोस्त थे। उसने 10 साल बड़ी मनोज की पत्नी गीता को प्रेम जाल में फंसा लिया। उसे संबंध बनाए। 31 दिसंबर 2011 को गीता के साथ मिलकर उसने मनोज को बीयर में नशे की गोलियां पिला दीं। इसके बाद गला दबाकर मार डाला। शव को झांसी के पास बेतवा नदी में फेंक दिया। इधर, परिवार वालों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी।

प्रॉपर्टी को प्रेमिका, उसके बेटे और भतीजे को भी मार डाला : मनोज की हत्या के बाद राजेश ने गीता से शादी कर ली और वह उत्तर प्रदेश के मऊरानीपुर चले गए। यहां गीता का मकान था। करीब दो साल बाद यानी 2013 में उसने मकान हड़प लिया। इसके बाद गीता, उसके बेटे निक्की और भतीजे सूरज को भी चाकू से गोद कर मार डाला। इसमें राजेश के भाई और उसके जीजा के भाई ने भी मदद की थी। वारदात के बाद खुद फरार हो गया।

2014 में राजेश ने अनामिका को शिकार बनाया अनामिका ने पुलिस को बताया कि राजेश से उसकी दोस्ती 2014 में ट्रेन में हुई थी। राजेश ने उसकी दिल्ली में नौकरी भी लगवा दी। दोनों के बीच प्यार हो गया। शादी के वक्त उसने खुद को कुंवारा बताया था। राजेश ग्वालियर में कुलदीप मेहरा नाम के व्यक्ति के मकान में किराए से रहता था। उसने खुद का नाम राजेंद्र मेहरा बताया था। उसने मुझे कुलदीप मेहरा को अपना पिता बताकर मिलवाया था। बाद में पता चला कि राजेश ने कुलदीप मेहरा की करीब 5 करोड़ रुपए की जमीन भी ठग ली है। शादी के बाद वे ग्वालियर में एमके सिटी में रहने लगे। उनका एक बेटा भी है।

10 साल तक नाम और भेष बदलकर रहा खास बात है कि पिछले 10 साल से राजेश अपना नाम और भेष बदलकर रहता रहा। कभी पगड़ी लगा लेता, तो कभी क्लीन शेव रहता। कभी दाढ़ी भी बढ़ा लेता था। कभी राजेंद्र यादव बन गया, तो कभी राजेंद्र मेहरा। वह ग्वालियर में ही एमके सिटी, गुलमोहर सिटी, गांधीनगर और लक्ष्मीबाई कॉलोनी में रहता रहा। पुलिस ने जब उसे पकड़ा, तो पहले तो वह बरगलाता रहा, लेकिन दस्तावेज सामने रखे, तो उसने पूरी कहानी उगल दी।

लग्जरी लाइफ का शौकीन : राजेश लग्जरी लाइफ जीता है। वह कभी एक जगह नहीं रहता। हमेशा पॉश इलाके में मकान लेता है। बेशकीमती कारों का भी शौकीन है। वह नई-नई लड़कियों को शिकार बनाता है। पहले उनसे दोस्ती करता है। इसके बाद प्रॉपर्टी पर कब्जा कर ठिकाने लगा देता है। बात करने में हाजिर जवाबी है।

राजेश के अपराधों की फेहरिस्त

2011 में दोस्त मनोज की हत्या की।
2012 में ग्वालियर में पीडब्ल्यूडी के रिटायर्ड इंजीनियर के मकान में रहा। उनकी पत्नी काे फंसाकर 60 लाख रुपए ठगे। बिलौआ क्षेत्र में जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करा दी। थाना बिलौआ में केस दर्ज।
बिलौआ थाने में चेक बाउंस मामले गिरफ्तारी वारंट में वांटेड।
2013 में पत्नी, बेटे और भतीजे की हत्या।
मामले में राजेश का भाई कालू उर्फ मनीष व उसकी बहन का देवर भी था। दोनों गिरफ्तार हो चुके हैं।