मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में वातानुकूलित ‘पेंशनर्स सेवा कक्ष’ का शुभारंभ

0
22

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल में पेंशनरों की सुविधा हेतु स्थापित वातानुकूलित लाउंज ‘पेंशनर्स सेवा कक्ष’ का भव्य शुभारंभ 104 वर्षीय वरिष्ठ महिला पेंशनर पुष्पा श्रीवास्तव द्वारा मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

यह अभिनव पहल मंडल रेल प्रबंधक महोदय की दूरदर्शी सोच एवं पेंशनरों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण का परिणाम है। इस योजना को मूर्त रूप देने में उनके निर्देशन में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा तथा वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) आशुतोष चौरसिया की उल्लेखनीय भूमिका रही।

‘पेंशनर्स सेवा कक्ष’ को कार्मिक एवं लेखा विभाग के मध्य रणनीतिक रूप से स्थापित किया गया है, जिससे दोनों विभागों के बीच समन्वय सुदृढ़ हो सके तथा पेंशनरों की समस्याओं का त्वरित, सरल एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

यह वातानुकूलित लाउंज आधुनिक सुविधाओं से युक्त है, जिसमें आरामदायक बैठने की व्यवस्था, शुद्ध गर्म एवं शीतल आरओ जल, समाचार पत्र, रेलवे नियमावली एवं मैनुअल तथा टेलीविजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे पेंशनरों को एक सुलभ, सम्मानजनक एवं आरामदायक वातावरण प्राप्त हो सके।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कुलदीप स्वरुप मिश्र, अपर मंडल रेल प्रबंधक नन्दीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजिनीयर (परिचालन) शिवम् श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजिनीयर (ओएफ) गौरव कुमार, मंडल अभियंता रविकांत नवीन सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारीगण, पेंशनर यूनियन के प्रतिनिधि एवं रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह पहल रेलवे प्रशासन की अपने पेंशनरों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान एवं उनकी सुविधा के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here