विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2025 कार्यक्रम
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे द्वारा भारतीय रेल रेल पथ मशीन प्रशिक्षण केंद्र (IRTMTC), सूबेदारगंज के नवप्रभा सभागार में ‘विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह द्वारा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ।समारोह के प्रारंभ में प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्रा ने मुख्य अतिथि सहित सभी विभागाध्यक्षों, अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों का स्वागत किया। समारोह में सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक झांसी श्री अनिरुद्ध कुमार सहित अन्य मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उपस्थित रहे ।
महाप्रबंधक द्वारा झांसी मंडल को वाणिज्य शील्ड, महाराजा छत्रसाल स्टेशन छतरपुर को सर्वोत्तम स्टेशन प्रमाण पत्र, ट्रेक मशीन शील्ड, समग्र इंजीनियरिंग दक्षता शील्ड, सामान्य सेवा एवं ऊर्जा दक्षता शील्ड, यांत्रिक विभाग को सर्वोत्तम कोचिंग रैक कप, कारखाना दक्षता शील्ड, समय पालन में सुधार शील्ड, माल भाड़ा परिचालन शील्ड, मंडल स्क्रैप संग्रहण शील्ड, सर्वश्रेष्ठ कारखाना राजभाषा शील्ड से सम्मानित किया गया I
इसके साथ ही महाप्रबंधक ने झाँसी मंडल के 21 रेल कर्मियों तथा 02 रेल अधिकारियों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया I
रेल कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि, रेल सप्ताह समारोह का आयोजन न केवल हमें अपना आकलन करने का अवसर देता है बल्कि इस अवसर पर अपने कार्य से रेलवे को उत्कृष्ट बनाने वाले रेल कर्मियों को चुनने व सम्मानित करने का अवसर प्रदान करता है। हम विभिन्न विभागों के कार्य निष्पादन का आकलन करते हुए दक्षता शील्डों का भी निर्धारण विभिन्न मंडलों एवं कारखाना को इस विश्वास के साथ प्रदान करते हैं कि आने वाले दिनों में उनके कार्य और अधिक परिमार्जित एवं प्रभावी होंगे। सभी रेलकर्मियों के समग्र योगदान से उत्तर मध्य रेलवे द्वारा महत्वपूर्ण उपलब्धियों अर्जित की गयी है।














