फर्ज़ी टीटीई एलटीटी सुपरफास्ट में कर रहा था टिकट चेकिंग

0
6

ऑन ड्यूटी स्टाफ ने पकड़कर जीआरपी को सौंपा

झांसी। बुधवार को एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रियों के टिकट चेकिंग कर वसूली करते फर्जी टीटीई को असली टिकट चेकिंग स्टाफ ने पकड़ा और झांसी आने पर जीआरपी को सौंप दिया। जीआरपी ने टीटीई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

सुल्तानपुर से चलकर लोकमान्य तिलक टर्मिनस की ओर जा रही 12108 एलएलटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस बुधवार सुबह झांसी की तरफ आ रही थी। इस गाड़ी में लखनऊ का टिकट चेकिंग स्टाफ टिकट चेकिंग करता हुआ स्लीपर कोच नंबर एस-8 में पहुंचा। जहां पहले से ही एक युवक गले में एनसीआर का रिवन डालकर यात्रियों के टिकट जांच करता मिला।

ऑन ड्यूटी टिकट चेकिंग स्टाफ ने उससे परिचय पूछा तो उसने खुद को कानपुर में तैनात टीटीई बताया। युवक की संदिग्ध गतिविधियां देख असली टिकट चेकिंग स्टाफ ने संदेह होने पर उसे पकड़ लिया। इस दौरान कोच में सवार यात्रियों ने बताया कि उक्त युवक टिकट जांच कर जबरन रसीद बनाकर उसने जुर्माना वसूलने के नाम पर रुपयों की मांग कर रहा था।

इसकी जानकारी लखनऊ टिकट चेकिंग स्टाफ ने कंट्रोल रूम को दी और झांसी में उसे जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। पकड़ा गया फर्जी टीटीई बलिया के गांव तिवारीपुर निवासी अंकित तिवारी है। टिकट चेकिंग स्टाफ के मेमो देने पर मामला दर्ज कर लिया है। जीआरपी ने अंकित के कब्जे से एक मोबाइल फोन व 200 रुपये, गले में लटका भारतीय रेलवे का रिबन, जिसमें लगा एयरटेल पेमेंट बैंक का प्रीपेड कार्ड बरामद कर विधिक कार्रवाई की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here