ग्वालियर। उम्र के उस पड़ाव में जब सहारा और देखरेख की जरूरत होती है तब उसके दिल का टुकड़ा ही रिश्ते नाते को भूलकर बेसहारा छोड़ जाए तो आंखें भर आती हैं कि ऐसा भी होता है, किन्तु ऐसे बेसहारा को सहारा देने वाली कुछ सख्शियत ऐसी भी हैं जिनकी संवेदनशीलता को सलाम करना तो बनता है। आरपीएफ ने विकलांग बेसहारा वृद्धा को सहारा देकर ऐसा ही अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

दरअसल, 7 मई को सुबह लगभग 06.30 बजे उप निरीक्षक रविन्द्र सिंह राजावत हमराह प्र.आ. बी.एस.चौहान, अनिल कुमार सिंह, दीपेंद्र सिंह भदौरिया, आ. राजकुमार तोमर के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान एक विकलांग 70 वर्षीय वृद्धा पूर्वी सर्कुलेटिंग एरिया में बैठी-बैठी रोते दिखाई दी। पूछताछ में उसने अपना नाम कुंती सोनी पत्नी किरण सोनी निवासी-सद्भावना कॉलोनी, जिला-सागर, म.प्र बताया। उसका कहना था कि वह अपनी बेटी व दामाद के साथ सागर में रहती है। आज उसकी बेटी व दामाद उसे मथुरा घुमाने के बहाने सागर से लेकर आये थे परंतु ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर लावारिस छोड़ कर भाग गए हैं।

वृद्धा की दर्द भरी दास्तां सुनकर उप निरीक्षक राजावत द्वारा महिला आरक्षक मनीषा मीना, खुशबू की सहायता से उक्त महिला को रे.सु.ब. पोस्ट पर ला कर चाय नाश्ता इत्यादि करवाया गया । इसके बाद उप निरीक्षक अंकित कुमार व प्र.आ. रविन्द्र सिंह द्वारा उसे सकुशल वृद्धाश्रम में पहुंचाया गया। वृद्धा द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार उसके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।