झांसी। श्रम विभाग के फर्जी इंस्पेक्टर को व्यापारियों को धमका कर उनसे अवैध वसूली करने वाला उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष/श्रम विभाग में सदस्य संजय पटवारी व अतुल जैन की सतर्कता से पकड़ा गया। व्यापारियों ने फर्जी इंस्पेक्टर को कोतवाली पुलिस को सौंप दिया।

आज शाम मानिक चौक स्थित साड़ी की शॉप पर एक व्यक्ति पहुंचा और खुद को श्रम विभाग का इंस्पेक्टर बता कर व्यापारी से श्रम विभाग में पंजीकरण के नाम पर धमका कर रुपयों की मांग करने लगा। इसकी जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष/श्रम विभाग में सदस्य संजय पटवारी व अतुल जैन मौके पर पहुंचे और उन्होंने तथा कथित इंस्पेक्टर से जानकारी ली। इस दौरान पटवारी ने उप श्रमायुक्त से वार्ता कर इंस्पेक्टर के बारे में जानकारी दी।

उप श्रमायुक्त ने उसे फर्जी बताया। इस पर संजय पटवारी ने थाना कोतवाली पुलिस को फर्जी इंस्पेक्टर की जानकारी दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने फर्जी श्रम विभाग इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम दिलीप यादव निवासी शिवाजी नगर बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से फर्जी दस्तावेज भी बरामद किए हैं। पूछताछ में पता चला कि फर्जी इंस्पेक्टर कई दिनों से व्यापारियों को पंजीकरण के नाम पर परेशान कर अवैध वसूली कर रहा था। संजय ने बताया कि वह दर्जनों व्यापारियों को शिकार बना चुका है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।