झांसी। जिले के पूंछ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खिल्ली में रिटायर्ड दारोगा के पुत्र का शव पेड़ पर लटका मिलने से सनसनी फ़ैल गई है। परिजनों ने कुछ लोगों पर हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। आरोपी पक्ष ने मृतक पर किशोरी से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाने की तहरीर थाने में पहले ही दे दी थी। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के भय से परेशान होकर युवक ने आत्महत्या की है।

पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली निवासी यूपी पुलिस से सेवा निवृत्त दरोगा अमर सिंह यादव का पुत्र दीपेंद्र उर्फ दीपू यादव बीती शाम गांव से दूरी पर बने मड़ोरा खुर्द गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा था। इस पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की मगर देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिला था।

बताते हैं कि मंगलवार की सुबह हाइवे किनारे बने स्टोन क्रेशर खंडहर के पास से एक चरवाहा जानवर चरा रहा था, तभी उसकी नजर पेड़ से लटक रहे दीपेंद्र उर्फ दीपू के शव पर गई। इसकी जानकारी लगते ही मृतक के परिजन व अन्य लोग मौके पर गए। सूचना मिलते ही एसओ पूंछ सुरेंद्र सिंह मय स्टॉफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पेड़ से नीचे उतार कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतक के बड़े भाई कृष्ण कुमार यादव का कहना है कि सोमवार की शाम से उसका भाई दीपेंद्र गायब था। इसकी जानकारी उसने पुलिस को दी थी। उसने बताया कि उसके भाई के दांते भी टूटे थे, शरीर में चोटों के निशान थे। उसने आरोप लगाया कि उसके भाई को पहले शऱाब पिलाई। इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया। भाई का कहना है कि उसके भाई के छेड़छाड़ करने के आरोप में भी फंसाया जा रहा है। इन्हीं लोगों ने उसके भाई का कत्ल किया है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि दीपेंद्र ने मड़ोरा खुर्द में रहने वाले एक परिवार की लड़की से छेड़छाड़ की थी। इसकी सूचना रात को उक्त पक्ष ने दी थी। इसी सूचना पर दीपेंद्र की तलाश की जा रही थी मगर उसका पता नहीं चला है। छेड़छाड़ में पकड़े जाने के भय के कारण दीपेंद्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।