रेल संरक्षा आयुक्त ने किया जाखलौन–धौर्रा रेलखंड का निरीक्षण
रेलखंड की कमीशनिंग उपरांत हेतमपुर से आगासोद तीसरी लाइन का कार्य हुआ पूर्ण
झांसी। झांसी–बीना तीसरी लाइन परियोजना के अंतर्गत जाखलौन–धौर्रा रेलखंड पर संरक्षा, गुणवत्ता एवं आधुनिक तकनीक के उच्च मानकों के अनुरूप कार्य करते हुए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। इस रेलखंड का निरीक्षण एवं 100 किमी/घंटा की गति से सफल स्पीड ट्रायल रेल संरक्षा आयुक्त श्री प्रणजीव सक्सेना के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण राज कुमार वानखेड़े तथा मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान जाखलौन स्टेशन परिसर, OFC रूम, ASM रूम, रिले रूम, LC गेट, ट्रैक एवं अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं का गहन अवलोकन किया गया। सभी सुरक्षा मानकों का सूक्ष्म परीक्षण कर रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि जाखलौन–धौर्रा रेलखंड लगभग 12.146 किलोमीटर लंबा है, जिसका निर्माण कार्य रिकॉर्ड 6 माह में पूर्ण किया गया। इस परियोजना के अंतर्गत कार्य करते समय ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी गई। बिलमोरी (चांदपुर) स्थित प्राचीन बेलमणि जैन मंदिर सहित आसपास के अन्य धरोहर स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु ट्रैक निर्माण में आधुनिक पैडिंग तकनीक का उपयोग किया गया, जिससे कंपन में कमी आती है और संरचनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता।
इस कार्य के लिए भारतीय पुरातात्विक सर्वेक्षण (ASI) से आवश्यक अनुमति प्राप्त कर सभी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन किया गया। निरीक्षण के दौरान सीएसआईआर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नसीम अख्तर भी उपस्थित रहे, जिन्होंने तकनीकी पहलुओं का अवलोकन किया।
इस रेलखंड की सफल कमीशनिंग के साथ हेतमपुर से बीना तक तीसरी लाइन का कार्य पूर्ण हो जाएगा, जिससे इस मार्ग पर रेल यातायात की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसके परिणामस्वरूप ट्रेनों की गति में सुधार, समयपालन में वृद्धि तथा यात्रियों एवं माल परिवहन दोनों के लिए अधिक सुरक्षित, तेज एवं सुगम रेल सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर मुख्य सिग्नल इंजीनियर दीपक कुमार सिन्हा, मुख्य अभियंता निर्माण एस.के.गुप्ता, मुख्य अभियंता (TMC) गौरव वर्मा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा सहित मुख्यालय एवं मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक और स्टाफ उपस्थित रहे।














