लेट लतीफ अधिकारी/ कर्मचारियों की सूची होगी तैयार, की जाएगी सख्त कार्यवाही
Jhansi। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा गुरुवार को प्रातः 10ः35 बजे कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी, झॉसी का औचक निरीक्षण किया तो लेट लतीफों में अफरातफरी मच गई।
  उन्होंने निरीक्षण के दौरान कार्यालय की साफ-सफाई का भी किया निरीक्षण, एक-एक कमरे में स्थित पटल को देखा तथा पत्रावलीयों की जांच करते हुए कहा कि पत्रावलियों का निस्तारण समय से सुनिश्चित हो, अनावश्यक लंबित रखने पर कार्यवाही की जाएगी।
   जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने सर्वप्रथम कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी, झॉसी में तैनात चिकित्साधिकारियों एवं अन्य स्टाफ की उपस्थिति चैक की गई। जांच में पाया कि उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. महेन्द्र कुमार, डी.आई.एस.एम. सपन जैन, डी.जी.एम. शशांक पुरोहित, डी.पी.सी. विनय शर्मा, डी.ई.आई.सी. रामबाबू कुमार, सी.ए. सपना वर्मा, नरेन्द्र कुमार, वरिष्ठ सहायक देवेन्द्र कुमार शर्मा, अखिलेश भारती एवं चतुर्थ श्रेणी ममता अनुपस्थित पाये गये। उन्होंने अनुपस्थित पाये गये उपरोक्त कर्मचारियों का एक दिवस का वेतन रोके जाने एवं उनका स्पष्टीकरण लिये जाने के निर्देश दिए।
  निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर अनिल कुमार द्वारा अवगत कराया गया कि वरिष्ठ सहायक देवेन्द्र कुमार शर्मा बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित चल रहे हैं। देवेन्द्र कुमार शर्मा का वेतन रोके जाने की कार्यवाही की जा रही है। जिलाधिकारी ने उक्त प्रकरण को गंभीरता से संज्ञान में लिया और निर्देश दिए गए कि वेतन रोके जाने के अतिरिक्त देवेन्द्र कुमार शर्मा पर अन्य अनुशासनात्मक कार्यवाही भी की जाए।
 जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी चिकित्सक, कर्मचारी समयानुसार से कार्यालय में उपस्थित होकर शासन की मंशा अनुसार कार्य करना सुनिश्चित करें,  आगंतुकों एवं शिकायतकर्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार करते हुए उनकी समस्या का निस्तारण समय से किया जाए।
 जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि एक भ्रमण पंजिका भी तैयार की जाए जिसमें यदि कोई उप मुख्य चिकित्साधिकारी/चिकित्साधिकारी किसी शासकीय कार्यवश भ्रमण पर हो, तो उसका विवरण पंजिका में दर्ज किया जाए, ताकि उनकी कार्यालय भ्रमण पर उपस्थिति सत्यापित किया जा सके।