ओरछा मप्र (संवाद सूत्र)। शुक्रवार को दोपहर ओरछा के जहांगीर महल में उस समय सनसनी फ़ैल गई जब सड़क हादसे में पति की मौत से व्यथित एक महिला खुदकुशी करने के लिए शुक्रवार दोपहर ओरछा में जहांगीर महल पर चढ़ गई और वहां से कूदने की धमकी देने लगी। लगभग तीन घंटे चले इस हाईवोल्टेज घटनाक्रम के बाद महिला का रेस्क्यू कर लिया।

दरअसल, उप्र के झांसी जिले के मऊरानीपुर की रहने वाली महिला के पति अमित कुमार की शुक्रवार को सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। इस घटना से व्यथित महिला खुदकुशी करने के लिए ओरछा में जहांगीर महल पर चढ़ गई। वहां एक झरोखा में से कूदकर आत्महत्या करने के लिए यहां पहुंची। झरोखा पर बैठी महिला अपने पति को याद करते हुए रोती रही।

पर्यटकों की सूचना पर पुलिस और महिला के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। सूचना मिलने के बाद महिला के पिता और बहन भी मौके पर पहुंचे। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग महल क्षेत्र में पहुंच गए। पुरातत्व विभाग के अफसर, तहसीलदार, पुलिस कर्मी व पर्यटकों के साथ उन्हाेंने भी महिला को समझाया। मौके पर एम्बुलेंस और डॉक्टर की टीम भी पहुंची। पुलिस कर्मियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए बातचीत करते हुए महिला को कोल्डड्रिंक पिलाई। उसकी छोटी बहन भी लगातार चर्चा करती रही। जब वह कनवेंस हो गई तो ओरछा पुलिस के जवान रस्से के सहारे ऊपरी मंजिल से महिला के पास पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले बहन को पहुंचाया जब वह शांत हो गई तो पुलिस कर्मियों ने महिला को सुरक्षित उतार लिया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित किया गया।

पूछताछ करने पर महिला ने आत्महत्या करने के कारण की जानकारी दी। उसने यह भी बताया कि पहले बेतवा नदी में कूदने का सोच रही थी। ऐसे में लोगों को खुदकुशी का पता नहीं चलता। इसलिए वह जहांगीर महल से कूदकर आत्महत्या करने के लिए यहां पहुंची।