रेलवे वर्कशॉप में टूल डाउन दूसरे दिन भी जारी, प्रयागराज से अधिकारी का सायं तक आगमन 

झांसी। रेलवे वैगन रिपेयर वर्कशॉप में कर्मचारियों के टूल डाउन हड़ताल व प्रदर्शन के चलते बुधवार की रात एनसीआरईएस की वर्कशॉप शाखा के उपाध्यक्ष/ सीनियर टेक्नीशियन बृज किशोर साहू को निलंबित कर दिया गया और गुरुवार की सुबह जैसे ही इस निलम्बन की खबर फैली आंदोलनकारियों में आक्रोश भड़क गया।    वर्कशॉप में टूल डाउन के बीच आंदोलनकारियों ने इंसेंटिव बोनस सहित अन्य मांगों के साथ ही बृजेश कुमार साहू का निलंबन वापस लेने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इधर, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वर्कशॉप में टूल डाउन हड़ताल से कामकाज ठप्प होने को एनसीआरईएस मुख्यालय ने गंभीरता से लिया है और आंदोलन को समाप्त करने के लिए मुख्यालय से अधिकारी को झांसी रवाना कर दिया गया है। देखना है कि इस आंदोलन का अंत किसके पक्ष में होता है। फिलहाल मुख्यालय में बैठे अधिकारी सम्मानजनक हल निकालने की कवायद में जुटे हैं।

गौरतलब है कि बुधवार को वर्कशॉप में सुबह से ही मांगों को लेकर कर्मचारी टूल डाउन हड़ताल पर चले गए थे। हंगामेदार प्रदर्शन के बीच अपरान्ह सीडब्ल्यूएम के साथ वार्ता हुई, किन्तु समाधान नहीं हुआ। इसके बाद नोंकझोंक के बीच एक सीनियर सेक्शन इंजीनियर को आंदोलित कर्मचारियों ने पीट दिया और दूसरे को दौड़ा दिया था। प्रदर्शनकारियों ने अर्थी निकाल कर सीडब्ल्यूएम का पुतला भी फूंका। इस दौरान सीनियर टेक्नीशियन बीके साहू की कर्मचारियों से वार्ता के समय कारखाना के अधिकारियों से उनकी नोकझोंक हो गयी। इसके परिणाम स्वरूप बीके साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया गया।