– आज सायं हो जाएगा फैसला, अपने अपने पैनल को जिताने की होड़ 

Jhansi। झांसी रेल संस्थान (सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट) के प्रबंध कार्यकारिणी के चुनाव के परिणाम सोमवार को द्वितीय दिवस सायं 5 बजे मतदान समाप्त होने पर मतों की गणना के बाद घोषित कर दिए जाएंगे।

गौरतलब है कि झांसी संस्थान के चुनाव वर्ष 2018 के फरवरी माह में होना थे, किंतु कतिपय कारणों से टलते रहे। अब चार वर्षों बाद चुनाव होने से सदस्यों में विशेष उत्साह है। रेल संस्थान की प्रबंध कार्यकारिणी समिति में 41 पद हैं। इनमें तीन पद सचिव, उपाध्यक्ष व कोषाध्यक्ष के हैं। जबकि, 38 पद कार्यकारिणी सदस्यों के हैं। इन पदों पर 123 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। यह चुनाव सीनियर डीपीओ की देखरेख में हो रहे हैं।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार रविवार को सुबह 9.30 बजे से शाम पांच बजे तक मतदान चला। भीषण गर्मी के बीच मंडल के विविध क्षेत्रों से आए संस्थान के 1902 मतदाताओं में से पहले दिन 829 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

इस चुनाव में रेल कर्मचारी संगठन नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन चुनाव चिन्ह लैम्प, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे इम्पलाइज संघ सूरज तथा स्वतंत्र रेल बहुजन कर्मचारी यूनियन कापी पैन चुनाव चिन्ह पर चुनाव मैदान में हैं। दिन भर संगठनों के सदस्य अपने-अपने पैनल के प्रत्याशियों के पक्ष में हवा बनाने में जुटे रहे। इस दौरान मतदान केंद्र सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट के बाहर भारी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद रहे। सोमवार को भी सुबह 9.00 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद वोटों की गिनती कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।