वीरांगना झलकारी बाई के बलिदान दिवस पर होगा विधानसभा चुनाव का शंखनाद

0
56

भोजला में 4 अप्रैल को शौर्य दिवस समारोह में उमड़ेगा कोरी समाज 

झांसी (रामकुमार साहू)। इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी (आई आई टी) के तत्वावधान में भोजला में 4 अप्रैल को वीरांगना झलकारी बाई और उनके पति शूरवीर पूरन सिंह कोरी का बलिदान दिवस ‘शौर्य दिवस’ के रूप में भव्य समारोह में मनाया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि बिहार बुनकर कोरी समाज के सरसा से विधायक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ई आईपी गुप्ता (पान) रहेंगे।

मीडिया से रूबरू इंडियन इंक्लू‌सिव पार्टी के पदाधिकारियों ने 4 अप्रैल को आयोजित भव्य कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व बिहार प्रदेश प्रभारी जगदीश माहौर और प्रदेश प्रधान महासचिव नागेश्वर नाथ कोरी ने संयुक्त रूप से कहा कि “यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि वर्ष 27 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद है। कोरी समाज का राजनैतिक वनवास, खत्म होने जा रहा है। इतिहास करवट ले रहा है और अब हमें अपने पूर्वजों महापुरुषों की विचारधारा पर समता, स्वतंत्रता, बंधुता और न्याय पर आधारित सरकार बनाने के लिए नेतृत्व संभालना होगा।

पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर कुमार आर्य ने बताया कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की महान योद्धा और रानी लक्ष्मीबाई की हमशक्ल, दुर्गा दल की सेनापति वीरांगना झलकारी बाई का बलिदान दिवस इस बार झांसी में ऐतिहासिक ‘शौर्य दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने इतिहास के पन्नों में दर्ज झलकारी बाई की शौर्य की गाथा को याद करते हुए बताया कि जब अंग्रेजों ने झांसी के किले को घेरा था, तब झलकारी बाई ने अपनी जान की परवाह न करते हुए रानी का वेश धारण किया और अंग्रेजों को भ्रम में डालकर युद्ध किया। उनके पति पूरन सिंह भी किले में गोलंदाज (तोपची) के रूप में तैनात थे और लड़ते हुए इसी दिन शहीद हुए, झलकारी बाई ने सैकड़ों अंग्रेजों को गाजर-मूली की तरह काटकर अपनी मातृ‌भूमि के लिए प्राण न्योछावर कर दिए थे। उन्होंने बताया कि कोरी समाज राजनैतिक रूप से हांसिए पर है। यह कार्यक्रम समाज में राजनैतिक ताकत पैदा करने में अहम भूमिका निभाएगा।

झांसी मंडल अध्यक्ष राकेश वर्मा उर्फ मामा ने बताया कि वीरांगना की जन्मभूमि भोजला की पावन धरा पर पहली बार कोरी (बुनकर) समाज के विधायक और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इं आईपी गुप्ता बिहार से हेलीकॉप्टर द्वारा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। यह कोरी समाज के लिए गौरव का क्षण है, जो समाज के बढ़ते स्वाभिमान का प्रतीक है।

जिला अध्यक्ष चतुर्भुज वर्मा ने समस्त कोरी समाज से अपील की है कि वह सपरिवार इस ‘स्वाभिमान जनसभा’ में पहुंचकर अपनी एकता का परिचय दें। उन्होंने कहा कि पूरे भारत से सामाजिक संगठनों के नेता और कार्यकर्ता इस पावन भूमि पर मां वीरांगना को नमन करने आ रहे हैं। इस दौरान प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी शिवम वर्मा एवं सचिन वर्मा जिला मीडिया प्रभारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here