झांसी। झांसी के ऐतिहासिक किले को सुरक्षित करने के लिए अड़े बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के केन्द्रीय अध्यक्ष भानु सहाय को तमाम चेतावनियां व प्रलोभन डिगा नहीं पा रहे हैं। सोशल मीडिया भानु के संकल्प को जन जन तक पहुंचा कर उनके इरादों को मजबूती प्रदान कर रहा है। यही कारण है कि अनशन कर रहे भानु मखमल के कालीन से टाट का पैबंद हटाने का कार्य 8 जून को सुबह 10 बजे प्रारम्भ करेंगे।
उन्होंने बताया कि वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के किले की पहाड़ी से अवैध निर्माण (मालवा) हटाने का कार्य डेढ़ माह पहले कार्यदाई संस्था को करना था पर अपनी गलती छुपाने के चक्कर मे कार्यदाई संस्था चुप बैठी है।
8 जून को सुबह 10 बजे से अवैध मालवा हटाने का कार्य वह प्रारम्भ करेंगे जिससे महारानी का किला सुरक्षित रहे और किले की पहाड़ी अपने पुराने स्वरूप में आ सके।
उन्होंने बताया कि “कोई विक्षिप्त इंसान ही कह सकता है कि महारानी के किले की पहाड़ी खोद कर विकास कार्य किया जाए”। महारानी के किले की पहाड़ी को अपने मूल स्वरूप में ला कर ही दम लूंगा। देखना है कि भानु रूपी एक चना भाड़ फोड़ सकता है या नहीं अर्थात उनका प्रयास कितना सफल होता है।