रूद्राणी कला ग्राम में तैयार की गई रूपरेखा, जिम्मेदारियां सौंपी
ओरछा मप्र। धार्मिक नगरी ओरछा के रुद्राणी कला ग्राम में 23 से 27 अप्रैल तक “राम महोत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। राम महोत्सव समिति की महत्वपूर्ण बैठक में पांच दिवसीय राम महोत्सव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए रामायण केंद्र भोपाल के निदेशक डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं तथा समयबद्ध तैयारी पर जोर दिया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव के प्रथम दिवस नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा प्रसिद्ध राम राजा मंदिर से प्रारंभ होकर कार्यक्रम स्थल रुद्राणी कला ग्राम तक पहुंचेगी। शोभायात्रा में देशभर से आए साधु-संतों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार एवं फिल्मी हस्तियां भी शामिल होंगी, जिससे आयोजन की भव्यता और आकर्षण बढ़ेगा।
बैठक में पांच दिवसीय कार्यक्रम के विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों की विस्तृत योजना पर चर्चा की गई। साथ ही आयोजन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां तय की गईं।
इस अवसर पर डॉ. राम शंकर भारती, श्याम शरण नायक, सोनू चौहान, चारु तलवार, तेजभान सिंह बुंदेला, विजय पहाड़िया, साहिल राव, जगमोहन जोशी सहित आयोजन समिति के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर राम महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।














