पुलिस के पहुंचने से पहले मजदूर कई सिक्के लूट ले भागे, 80 बरामद 

Jhansi । झांसी के रानीपुर इलाके में सुखनई नदी से निकलने वाली पाइपलाइन की खोदाई के दौरान ब्रिटिश काल के चांदी के सिक्के बरामद होने पर सनसनी फ़ैल गई। खुदाई कर रहे कुछ लोग सिक्के लूट कर भी ले गये। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने 80 सिक्के बरामद किए हैं।

दरअसल, रानीपुर में लुहरगांव घाट पर बन रहे पुल के नीचे सुखनई नदी से निकलने वाली पाइपलाइन के लिए खोदाई की जा रही थी। इस दौरान भूमि में दफन ब्रिटिश काल के चांदी के 80 सिक्के निकाले। सिक्के देख कर वहां लूट मार मच गई और कुछ लोग सिक्के लेकर भाग निकले। इसकी पुष्टि करते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने दावा किया कि सिक्के काफी थे, लेकिन खोदाई कर रहे लोग कुछ सिक्के लेकर भाग गए।

मौके पर पहुंची पुलिस ने 80 चांदी के सिक्के बरामद कर एसडीएम को सौंपे हैं। जिला पुरातत्व अधिकारी एसके दुबे ने बताया कि ये सिक्के सन 1901-02 के हैं। किसी ने नदी के किनारे मटके में भरकर सिक्के गाड़ दिए होंगे, लेकिन वह बाद में निकाल नहीं सका। सिक्के मालखाने में रखवा दिए जाएंगे। इसके बाद उनको राजकीय संग्रहालय में रखा जाएगा। कुल कितने सिक्के थे इसकी जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। इस क्षेत्र में और भी पुरातत्व सम्पदा दफ़न होने की संभावना है।

सिक्कों की हो रही जांच-उप जिलाधिकारी मृत्युंजय मिश्रा
उप जिलाधिकारी मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि हर घर नल जल योजना के तहत पानी की पाइप लाइन डाली जा रही थी। खुदाई के दौरान सन 1901 के आसपास के एक रुपये के 70 से 80 सिक्के जमीन से निकले हैं। जिसमें कुछ छोटे और कुछ बड़े सिक्के हैं। चांदी के सिक्के हैं या अन्य धातु के हैं इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जो लोग सिक्के लेकर भागे थे उनको हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।