हत्या या आत्महत्या की पहेली में उलझी पुलिस 

झांसी। जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र में प्राचीन पंचकुइयां मंदिर के सामने चौपड़ा में अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गयी। मौके पर पहुँची पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी। शव को चौपड़े से दोपहर में निकाल लिया गया है। शव लगभग 35 वर्षीय व्यक्ति का है।

बताया गया कि आज सुबह मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों को असहनीय बदबू का अहसास हुआ। लोगों ने जब बदबू की वजह जानी तो होश उड़ गए, क्योंकि चौपड़ा में एक शव पड़ा था, जो कुछ दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलने पर खंडेराव गेट चौकी प्रभारी बीके सिंह मौके पर पहुँचे और जांच शुरू की। चौपड़ा पर जाल लगा होने के कारण शव दिखाई नहीं दे रहा था। दोपहर में चौपड़ा का जाल खुलवा कर शव को बाहर निकाला गया।

शव लगभग 35 वर्षीय व्यक्ति का नग्न हालत में था। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसके हाथ पर कुछ लिखा है, किंतु स्पष्ट नहीं है। यह हत्या का मामला है, या आत्महत्या का पुलिस जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।