विदिशा से झांसी तक फोरलेन बनेगा, चार फेज में 2023 तक पूरा होगा

भोपाल/झांसी। यह गुड न्यूज है कि भोपाल से झांसी तक का सफर 45 किमी कम होगा। यह सुविधा तब मिलेगी जब विदिशा से झांसी तक फोरलेन बन जाएगा। इसका मार्ग प्रशस्त हो गया है। यह मार्ग चार फेज में 2023 तक पूरा होगा| इसका काम दिसंबर में काम शुरू होगा, 1354 करोड़ आएगी लागत।

बताया गया है कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) विदिशा से तालबेहट तक चार फेज में फाेर लेन सड़क बनाएगा। इसके बन जाने के बाद से झांसी के बीना, मालथौन होते हुए जाने की आवश्यकता नहीं होगी। फोरलेन की लागत 1354 करोड़ रुपए आएगी। एनएचएआई ने रोड के लिए प्लान तैयार कर लिया है। दिसंबर से इसका काम शुरू कर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि वर्तमान में भोपाल से झांसी जाने के लिए ज्यादातर यात्री विदिशा होते हुए बीना, मालथौन जाते हैं और वहां से एनएच में शामिल होकर झांसी, उरई व उससे आगे तक जाते हैं। विदिशा से इसकी लंबाई 206 किमी है। बीना तक स्टेट हाईवे है और वर्तमान में इसकी स्थिति ठीक नही है। नया रोड बन जाने से ललितपुर भी बायपास हो जाएगा।

इसके साथ भोपाल से विदिशा के लिए भी एनएच बनाया जाएगा। यह आदमपुर से बनेगा। एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक चालू वित्तीय वर्ष में मप्र में 666 किमी सड़कें बनाया जाना प्रस्तावित है, जिस पर 9 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसी के साथ इंदौर-हरदा खंड पर राघवगढ़ से कन्नौद के 63 किमी का शेष पैकेज भी बनाया जाएगा। 2023 के अंत तक यह काम किया जाएगा।

112 किमी का जबलपुर सिटी रिंगरोड

एनएचएआई 112 किमी का जबलपुर सिटी रिंग रोड और ग्वालियर बायपास भी बनाएगा। इसका भी पूरा प्लान तैयार कर लिया गया है। जबलपुर रिंग रोड के बन जाने से शहर के अंदर जाने की जरूरत नहीं होगी बल्कि बाहर से ही अन्य शहरों के लिए जा सकेंगे।

इसी तरह सागर से उत्तर प्रदेश में स्थित कबरई रोड भी बनाया जाएगा। यहां से कानपुर भी जाया जा सकेगा। यह फोर लेन होगा और घाट सेक्शन खत्म कर दिया जाएगा। इसी तरह इंदौर-हैदराबाद रोड बनेगा। इसके बनने से कई बड़े शहरों के बीच की दूरी कम हो जाएगी।