स्वदेशी उत्पादन को बढ़ा कर भारतीय ब्रांड के लिए सशक्त मंच प्रदान करने का आह्वान
रायपुर। छत्तीसगढ़ कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के प्रदेश कार्यालय पर भारत सरकार के व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य एवं नेशनल वाइस चेयरमैन की अमर पारवानी की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कैट के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय पटवारी का स्वागत व सम्मान किया गया। श्री पटवारी छत्तीसगढ़ तीन दिन के प्रवास पर थे।
समारोह में छत्तीसगढ़ इकाई के अध्यक्ष जितेंद्र जोशी ने राष्ट्रीय स्तर पर संजय पटवारी द्वारा किए गए कार्यों पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, व्यापारी कल्याण बोर्ड, व्यापारी पेंशन योजना एवं सूक्ष्म व लघु उद्योग में सरकार से विभिन्न तरह की मांग मनवाकर व्यापारी हितों में कार्य किया है, उनका राष्ट्रीय स्तर पर व्यापारियों को एकजुट और संगठित करने में भी विशेष योगदान रहा है।
कार्यक्रम में व्यापारियों को संबोधित करते हुए संजय पटवारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर व्यापार को अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक व्यापारी उत्पादकों को पहुंचने एवं स्वदेशी उत्पादकों के प्रोत्साहन के लिए 12, 13, 14 एवं 15 अगस्त को प्रगति मैदान, नई दिल्ली में भारतीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। श्री पटवारी ने कहा कि मेक इन इंडिया एवं लोकल फार वोकल की भावना से प्रेरित होकर हम सब को स्वदेशी उत्पादन को बढ़ाकर भारतीय ब्रांड के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना चाहिए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने बताया कि देश में व्यापारियों के लिए तमाम ऐसी योजनाएं हैं जिनका लाभ लेकर व्यापारी अपने उद्योग और व्यापार को आगे बढ़कर राष्ट्र को मजबूत कर सकता है, वह स्थानीय ब्रांड को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पहचान सरकारी योजनाओं के माध्यम से बना सकता है।
कार्यक्रम में विक्रम सिंह देव, परमानंद जैन, जितेंद्र जोशी, रमेश सचदेवा, सुरेंद्र सिंह, राम मंधानी, बसु माखीजा, शंकर बजाज महिला विंग की अध्यक्ष मधु अरोरा आदि ने संजय पटवारी को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह से सम्मान करते हुए अपने विचार व्यक्त किया। इस मौके पर विशेष रूप से सरदार तेजिंदर सिंह, दीपक वसुंधरा, विकास खत्री, एसके मिश्रा, सतपाल शर्मा आदि उपस्थित रहे। संचालन महामंत्री सुरेंद्र सिंह एवं आभार सुनील ग्रोवर ने व्यक्त किया।














