प्रयागराज। 8 अप्रैल को 14117 (कालिंदी एक्सप्रेस) लगभग 15:50 बजे प्रयागराज स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 01 से अपने गंतव्य हेतु प्रस्थान कर रही थी। उसी दौरान एक यात्री द्वारा चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया गया, किन्तु संतुलन बिगड़ने के कारण वह प्लेटफॉर्म एवं गाड़ी के मध्य गैप में गिरने लगा। यह देख कर प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह द्वारा बिना समय गंवाए अत्यंत सूझबूझ एवं साहस का परिचय देते हुए तत्परता से गिरते हुए यात्री को गाड़ी एवं प्लेटफॉर्म के मध्य से खींचकर सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर लाकर उसके प्राणों की रक्षा की। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई।
उक्त यात्री का नाम समर प्रताप (41 वर्ष) पुत्र भूपेंद्र सिंह है, जो गाड़ी संख्या 14117 (PNR – 2949820566, PRYJ–CNB) का यात्री है। घटना के उपरांत यात्री अचेत हो गया, जिसे मौके पर उपस्थित स्टाफ द्वारा सीपीआर प्रदान किया गया तथा प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध मेडिकल टीम की सहायता से प्राथमिक उपचार (First Aid) देकर उसे होश में लाया गया।
हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट प्रयागराज द्वारा एक बार पुनः अपनी कर्तव्यपरायणता, साहस एवं त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए एक यात्री के जीवन की रक्षा की गई है, जो अत्यंत सराहनीय है। घटना स्थल पर उपस्थित यात्रीगण एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा भी उक्त सराहनीय कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।













