झांसी। बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष व अभिनेता राजा बुंदेला के नेतृत्व में आगामी 12 से 17 अगस्त तक बुंदेलखंड के उप्र अंतर्गत जनपदों में बुंदेलखंड क्रांति तीर्थ उद्घोष यात्रा निकाली जायेगी।

यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए श्री बुंदेला ने बताया कि बुंदेलखंड भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में प्रमुख केंद्र रहा है। आज सारा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, उन वीरों को याद किया जा रहा है जिन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति दी और उनके इन्हीं बलिदानों के कारण आज हम आजाद भारत में सांस ले रहे हैं। बुंदेलखंड क्रांति उद्घोष यात्रा में क्रांतिकारियों की जन्मभूमि में जाकर पवित्र भूमि को नमन कर, स्थानीय लोगों को क्रांतिकारियों की स्मृति में हर वर्ष आयोजन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही स्थानीय लोगों को सम्मानित करने के साथ, क्षेत्रीय विद्यालयों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्र स्थापित करवाए जाएंगे जिससे आने वाली पीढ़ी उनसे प्रेरणा ले सकें। यात्रा उप्र के बुंदेलखंड स्थित झाँसी, बाँदा, जालौन, ललितपुर, चित्रकूट, हमीरपुर व महोबा जिलों का भ्रमण कर बुंदेली वीरों की जन्म और कर्मभूमि की रज को प्रणाम करेगी।