खंड के सभी स्टेशनों पर लगाए जाएंगे चार्जिंग पॉइंट: डीआरएम
झांसी। रेल मंडल में आधारभूत संरचना के तीव्र विकास एवं रेल परिचालन क्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा झांसी- भीमसेन और भीमसेन से खैरार खंड का व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण यान “परख” के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक ने भीमसेन–खैरार रेल खंड में चल रहे दोहरीकरण कार्य का गहन निरीक्षण किया, जिसमें निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं समयबद्ध प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
इसके साथ ही, मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण करते हुए यात्री सुविधाओं के उन्नयन, स्वच्छता एवं आधारभूत संरचना को और सशक्त बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस क्रम में पामान स्टेशन के निकट निर्माणाधीन माल गोदाम का निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं सुरक्षा मानकों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्य को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, जिससे माल परिवहन व्यवस्था अधिक सुदृढ़ एवं सुगम बन सके।
भीमसेन रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया, फसाड, कार्यालयों, कैटरिंग स्टॉल एवं रेलवे क्वार्टर का गहन अवलोकन किया गया। ऑन-ड्यूटी स्टेशन मास्टर के कार्य ज्ञान का आकलन करते हुए यात्रियों की सुविधा हेतु पेयजल की उपलब्धता एवं पंखों के सुचारू संचालन के निर्देश दिए गए। साथ ही, परिचालन सुधार के लिए बैटरी चार्जिंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे घाटमपुर स्टेशन का निरीक्षण करते हुए स्टेशन के विभिन्न घटकों—कार्यालय, सफाई व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया एवं स्टेशन मास्टर कक्ष—का अवलोकन किया गया तथा यात्रियों के लिए पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, भीमसेन–खैरार रेलखंड के दोहरीकरण कार्य के अंतर्गत हमीरपुर–घाटमपुर सेक्शन स्थित LC गेट S53 पर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। इस दौरान गुणवत्ता, सुरक्षा एवं समयबद्ध प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
हमीरपुर रोड स्टेशन, भरुआ सुमेरपुर स्टेशन एवं रागौल स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया। इन स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था, स्टेशन मास्टर कक्ष, SM पैनल, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म एवं अन्य सुविधाओं की समीक्षा की गई। रागौल स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने हेतु नए वेटिंग एरिया के निर्माण एवं चार्जिंग पॉइंट स्थापित करने के निर्देश दिए गए। खैरार स्टेशन तथा यार्ड का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण जारी है…
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल अभियंता समन्वय आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल दूरसंचार इंजीनियर ब्रांच लाइन रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता(टीआरडी) सतबीर सिंह, मंडल परिचालन प्रबंधक उर्वशी शेखावत समेत अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।














