परिजनों ने लगाया हत्या कर लाश फेंकने का आरोप
झांसी। बबीना थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरारी गांव में 3 दिन से लापता युवक की लाश कुएं में मिली। परिजनों द्वारा हत्या कर लाश को कुआं में फेंक देने का आरोप लगाया है जबकि पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है। उसके मोबाइल फोन में 3 रिकॉर्डिंग भी मिलीं। पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक ने पहले 2 दोस्तों से बात की। फिर आखिरी कॉल अपनी गर्लफ्रेंड को मिलाई। एक रिकॉर्डिंग में वह दोस्त से कह रहा है- अगर गर्लफ्रेंड को भगाकर ले गया तो उसके घरवाले FIR करा देंगे। मैं अपने भाई की बदनामी नहीं सह सकता।
बबीना थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरारी गांव निवासी सुरेंद्र अहिरवार (18) 3 भाई-बहनों में वह सबसे छोटा था। बड़े भाई और बहन की शादी हो चुकी थी। सुरेंद्र के पिता कमल अहिरवार और मां की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपने बड़े भाई पंकज और भाभी के पास रहता था। पंकज अहिरवार के अनुसार छोटे भाई सुरेंद्र ने एक साल पहले बिजौली में कपड़ों की दुकान खोली थी, किंतु लगभग एक माह से वह दुकान नहीं खोल रहा था और परेशान रहता था।
8 अप्रैल की रात करीब 11 बजे तक सुरेन्द्र अपने एक दोस्त के साथ गया था और उसके बाद वह घर आकर सो गया। सुबह परिजन जागे तो सुरेन्द्र घर पर नहीं था। फ़ोन से संपर्क करने पर नंबर स्विच ऑफ था, तब तलाश शुरू की तो खेत पर कुएं के पास बाइक खड़ी थी और वहीं, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी रखी थी। मोबाइल फोन चेक किया तो पता चला कि रात 2 बजे तक उसकी दो दोस्तों और गर्लफ्रेंड से बात हुई है। फोन में तीनों से बात की रिकॉर्डिंग भी मिली है। लड़की से वो कह रहा है कि तुम्हारे पास आ रहा हूं। इसके बाद उसने थाने जाकर शिकायत की। पुलिस ने दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और छोड़ दिया।
परिजन सुरेंद्र को आसपास के एरिया और रिश्तेदारी में तलाश रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। 10 अप्रैल को कुएं में भी कांटा डाल कर तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। 11 अप्रैल की सुबह कुएं के अंदर सुरेंद्र की लाश पानी में उतराते दिखी। इस पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कुएं से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
इधर, मृतक सुरेंद्र के भाई पंकज का आरोप है- उसके भाई की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। उसके चेहरे और गले पर चोट के निशान हैं। उधर, पुलिस का कहना है कि सुरेंद्र ने कुएं में कूदकर सुसाइड किया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।














