29 दिन सदमे में रही महिला, हिम्मत कर दर्ज कराई रिपोर्ट 

ग्वालियर मप्र। दरिंदे पड़ोसी ने एक हंसते खिलखिलाते परिवार की खुशियां तो छीनी हीं साथ ही सब कुछ बर्बाद कर दिया। जिसे वो, उसका पति और उसके बच्चे पिता जैसा समझते थे, चाचा कहकर पुकारते थे। भरोसा ऐसा था कि सुख-दुख में उसे घर बुलाते थे। लेकिन पड़ोसी के भेष में छिपे इस दरिंदे ने इस परिवार को वो दर्द दिया, कि महिला बेवा हो गई। दो मासूम बच्चों के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया।

यह मामला ग्वालियर का है। चाचा ने महिला को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पत्नी से रेप के बाद पति दुखी हो गया। अंदर से टूट गया। उसे यकीन नहीं हुआ कि जिस शख्स को वो अपना समझता था, उसकी इज्जत करता था, उसी ने घर की इज्जत पर हाथ डाला। उसकी गंदी हरकत से आहत होकर उसके पति ने 3 जुलाई को खुदकुशी कर ली। पति की मौत के बाद पत्नी बेसुध हो गई। उसका सुहाग उजड़ गया।

डरी सहमी पीड़िता 29 दिन तक तो खामोश रही, लेकिन उसे अंदर ही अंदर पति की मौत का दर्द सता रहा था। आखिरकार उसने मां-पिता को सारी बात बताई। जिसके बाद घर वाले उसे लेकर बुधवार को पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।

पीड़ित ने पुलिस को शिकायत में जख्म बताए
पीड़ित ने बताया 3 जुलाई की बात है। मैं घर पर अकेली थी। पति किसी काम से घर के बाहर गए थे। दोनों बच्चे पास में ही बाहर खेल रहे थे। तभी मुझे अकेला पाकर पास में ही रहने वाले मुकीम खान छत के रास्ते से मेरे कमरे में आ गया। उन्होंने मुझे पकड़ लिया। मैं चिल्लाई तो उन्होंने मेरा मुंह बंद कर दिया। मेरे साथ गंदी हरकत की। मुझे जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान मेरा पति घर पर आ गया। उन्होंने ये सब देखा, तो दोनों के बीच झगड़ा हुआ। मैं दुखी होकर शर्म के मारे मायके चली गई। अगले दिन सुबह जब घर लौटी, तो पता चला कि पति ने फांसी लगा ली है। मेरे 6 साल और 4 साल के दो बच्चे भी हैं, अब दोनों की चिंता सता रही है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इधर, आरोपी पीड़ित को उसके पति की मौत के बाद भी धमका रहा था। जिस पर पीड़िता ने हिम्मत कर अपने पिता को पूरी बात बताई। पिता उसे लेकर ससुराल पहुंचे और वहां ससुराल पक्ष को मामले की जानकारी दी। इसके बाद सभी पीड़िता को लेकर महाराजपुरा थाने पहुंचे और मामले की शिकायत की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धमकाने का मामला दर्ज कर लिया है।