प्रयागराज। 10 अप्रैल को गाड़ी संख्या 12987 प्रयागराज स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 से समय 12:11 बजे अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान कर रही थी कि इसी दौरान एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते समय संतुलन खो बैठा और प्लेटफॉर्म एवं ट्रेन के बीच के गैप में गिर गया।
घटना को देखते ही प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल सुनील कुमार कुशवाहा ने तत्परता, साहस एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए उक्त यात्री को ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच से सुरक्षित बाहर खींच लिया। इस त्वरित कार्रवाई से यात्री के प्राणों की रक्षा संभव हो सकी। उक्त घटना का सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई।
बचाए गए यात्री का नाम सुरेश कुमार सरोज, निवासी सराय हरिया, पोस्ट बहादुरगढ़, जिला प्रयागराज है, जो प्रयागराज जंक्शन से आबू रोड तक यात्रा कर रहे थे। यात्री ने स्वयं को पूर्णतः सुरक्षित एवं स्वस्थ बताया तथा अपनी यात्रा जारी रखी। घटना के दौरान उपस्थित अन्य यात्रियों एवं आमजन द्वारा कांस्टेबल सुनील कुमार कुशवाहा के इस साहसिक एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्य की सराहना की गई।













