रेलवे कार ड्राइवर चाय के होटल पर गिरा फिर नहीं उठा
झांसी। सोमवार की देर सायं चित्रा चौराहा स्टेशन रोड पर चाय के होटल पर डीआरएम आफिस में वाहन चालक (लाइन मैन) पर उस समय मौत ने झपट्टा मारा जब चाय ले रहा था। अचानक वह होटल के काउंटर पर रखी पकौड़ी-समोसे की ट्रे से टकराते हुए पर जमीन पर गिरा और फिर नहीं उठ पाया। अचानक हुए इस घटनाक्रम को देख कर मौके पर मौजूद लोगों ने इसे मिर्गी का दौरा समझ उसे जूते-मोजे सुंघाने लगे, कुछ उसकी छाती मलते रहे, किंतु उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में युवक दुकान पर पहुंचते ही अचानक गिरता दिख रहा है।
मृतक की पहचान अजय कुशवाहा निवासी नई बस्ती, लाल स्कूल के पास कोतवाली के रूप में हुई। वह मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ऑफिस में वाहन चालक के पद पर तैनात था। उसके पिता रेलवे में कार्यरत मुरारी लाल कुशवाहा की मृत्यु के बाद करीब दो साल पहले उसे लाइन मैन के पद पर अनुकंपा नियुक्ति मिली थी।
परिजनों के मुताबिक, अजय की ड्यूटी सोमवार को सायं 4 से रात 12 बजे तक थी। सोमवार सायं वह डीआरएम ऑफिस से बाइक से चित्रा चौराहा स्टेशन रोड पर स्थित एक होटल पर बाइक से चाय लेने पहुंचा। उसने होटल संचालक लोकेंद्र पांडे को चाय के पैसे दिए और चाय पैक कराई। इसके बाद वह दोबारा काउंटर पर पहुंचा और एक थैली मांगी। दुकानदार जब तक थैली दे तब तक वह अचानक काउंटर पर रखी पकौड़ी-समोसे की ट्रे पर मुंह के बल गिरा और फिर जमीन पर गिर कर तड़पने लगा।
आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठ सके तो मिर्गी का दौरा समझ उसे जूते-मोजे सुंघाने लगे, कुछ उसकी छाती मलते रहे, किंतु उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। इस दौरान उसके मोबाइल फोन की घंटी बजी तो दुकानदार ने काल अटेंड कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उनके साथी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अजय को सीपीआर दिया। इसके बाद उसे ऑटो से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
सीसीटीवी में दर्ज हुआ पूरा घटनाक्रम
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि अजय शाम 7 बजकर 49 मिनट पर बाइक से होटल पहुंचा। उसने पहले चाय के पैसे दिए, फिर चाय लेकर दोबारा काउंटर की ओर लौटा। इसी दौरान वह लड़खड़ा कर अचानक जमीन पर गिर पड़ा।
रेल कर्मचारी नेताओं ने किया हंगामा
वहीं, रेलवे संगठन के नेताओं को पता चला कि लाइनमैन अजय कुशवाहा की मौत हो गई है और उसे ऑन ड्यूटी नहीं दर्शाया जा रहा है। यही नहीं, दो दिनों से उसके हस्ताक्षर भी नहीं करवाए गए हैं। इस पर एनसीआरएमयू, एनसीआरईएस, उत्तर मध्य रेल कर्मचारी संघ के नेताओं ने हंगामा किया। उन्होंने कहा कि अजय कुशवाहा लाइनमैन की जगह गाड़ी ड्राइवर का काम कर रहा था। वह घर से रेलवे अफसर को प्राइवेट वाहन में बैठा कर ऑफिस लाने ले जाने का काम करता था। इसके बाद घर छोड़ता था। जबकि प्राइवेट वाहन का चालक अलग होता है। उन्होंने रेलवे कर्मचारी को ऑन ड्यूटी लेने की मांग की। बाद में रेलवे अफसर मौके पर पहुंचे। यहां रेलवे संगठन के नेताओं ने रेलवे अफसर से बातचीत की। बातचीत के बाद रेलवे अफसर ने आश्वासन दिया कि वह रेलवे कर्मचारी को ऑन ड्यूटी दिखा देंगे। आश्वासन मिलने पर रेलवे संगठन के नेता शांत हो गए।














