उरई/झांसी । रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट उरई द्वारा “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के अंतर्गत मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घर से भागी एक नाबालिग बच्ची को सुरक्षित परिजनों/संबंधित संस्था के सुपुर्द किया गया।
14 अप्रैल को उरई आरपीएफ पोस्ट पर तैनात सहायक उप निरीक्षक राघवेंद्र सिंह, हमराह आरक्षक के साथ प्लेटफार्म संख्या 02/03 पर गाड़ियों की आवाजाही के दौरान ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक नाबालिग बच्ची बेंच पर डरी-सहमी अवस्था में बैठी हुई मिली। टीम द्वारा बच्ची से सहानुभूतिपूर्वक पूछताछ करने पर उसने अपना नाम शिवानी (काल्पनिक नाम), उम्र 16 वर्ष, निवासी ग्राम मिण्डारा, थाना नवाबगंज, जिला प्रयागराज बताया।
बच्ची ने बताया कि वह 12 अप्रैल को परिजनों से नाराज होकर घर से निकल गई थी, 13 अप्रैल वह को लखनऊ रेलवे स्टेशन पर रही और 14 अप्रैल को गाड़ी संख्या 01416 से उरई स्टेशन पहुंची। बच्ची द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर उसके भाई से संपर्क स्थापित किया गया, जिसने बच्ची की पहचान की पुष्टि करते हुए उसे लेने आने की बात कही।
तत्पश्चात बच्ची को आरपीएफ पोस्ट उरई लाया गया एवं हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क कर चाइल्ड लाइन उरई को सूचित किया गया। चाइल्ड लाइन से सुश्री दीप्ति तिवारी कार्यालय उपस्थित हुईं। आवश्यक प्रक्रिया के तहत बच्ची का जिला चिकित्सालय उरई में चिकित्सीय परीक्षण कराकर प्रमाण पत्र प्राप्त किया गया। इसके उपरांत बच्ची को महिला आरक्षी पिंकी देवी यादव की उपस्थिति में पूर्णतः स्वस्थ एवं सुरक्षित अवस्था में चाइल्ड लाइन उरई को सुपुर्द कर दिया गया।














