झांसी। जनपद के थाना रक्सा क्षेत्र में एक किशोरी ने छेड़छाड़ से दुखी होकर ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया कि पूरा गांव सन्नाटे में आ गया। अस्मत सुरक्षित न होते देख किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव पेड़ पर लटका मिला। पुलिस का कहना है कि किशोरी ने आत्महत्या की है जबकि परिवार वाले गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।

थाना रक्सा क्षेत्र निवासी एक किसान की पंद्रह साल की पुत्री से गांव का एक मनचला छेड़खानी करता था। इस बात पर दोनों परिवारों में कुछ दिन पहले विवाद भी हो चुका था, बुधवार को गांव में पंचायत भी हुई थी। इसमें दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था। किशोरी के परिजनों का आरोप है इसके बाद भी युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। शुक्रवार दोपहर किशोरी परिजनों के संग खेत में काम करने गई थी। परिवार के लोग वापस लौट आए लेकिन, किशोरी घर नहीं लौटी। जब परिजनों ने उसे खोजना शुरू किया तब उसकी बड़ी बहन ने किशोरी का शव टुपट्टे से पेड़ पर लटका देखा। यह देखकर वह चीख उठी। परिवार के दूसरे सदस्य भी वहां पहुंच गए।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी जितेंद्र तक्कर भी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर आ गए। उधर, किशोरी के परिजनों ने आरोपी युवक पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता का कहना है युवक ने हत्या के बाद किशोरी के शव को पेड़ से लटका दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।