शिकायत के बाद झांसी प्रदूषण विभाग ने की जांच पड़ताल, दिए निर्देश
झांसी। बजाज पावर प्लांट द्वारा नदी, नालों में बहाए जा रहे राख के ढेर से पर्यावरण और जलचरों, आम जन के लिए मुसीबत बन चुकी थी। इस समस्या को देखते हुए किसान नेता ओर सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा शिकायत करने पर हरकत में आए झांसी प्रदूषण विभाग ने मौके पर निरीक्षण किया और बजाज पावर प्लांट को साफ सफाई कराने के निर्देश दिए।
इस कारवाई के चलते बजाज पावर प्लांट ने नदी और नालों में फेंकी गई राख की साफ सफाई का कार्य शुरू कर दिया है। साथ ही प्रदूषण विभाग ने पावर प्लांट से निकलने वाले प्रदूषण की भी जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
दरअसल किसान नेता/सामाजिक कार्यकर्ता बॉबी राजा और उनके साथियों ने ललितपुर में स्थित बजाज पावर प्लांट के गेट नंबर दो से नदी व नालों में बहाई जा रही राख से बढ़ रहे पर्यावरण प्रदूषण और जलचरों व आमजन के लिए भी जान का खतरा बनने के मामले को उठा कर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने इस संबंध में प्रमाण सहित 19 मार्च 2026 को रीजनल ऑफिसर यूपीपीसीबी को शिकायत की थी।
इस शिकायत को संज्ञान लेते हुए लापरवाही बरतने वाले बजाज पावर प्लांट पर झांसी प्रदूषण विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया। टीम ने पावर प्लांट का प्रदूषण चैक किया। अधिकारियों ने पावर प्लांट के जिम्मेदार अफसरों को नाले और नदी से राख की साफ सफाई करने के निर्देश दिए गए। इन निर्देशों के बाद बजाज पावर प्लांट ने नदी और नालों में भरी राख की सफाई कराना शुरू कर दिया है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस मामले में प्रदूषण विभाग ने पावर प्लांट पर लापरवाही बरतने और आम जनमानस की जिंदगी से खिलबाड़ करने पर क्या कार्यवाही की इसकी अभी तक विभाग द्वारा कोई जानकारी नहीं दी गई। फिलहाल नदी और नालों से पावर प्लांट द्वारा बहाई गई राख की सफाई होने पर क्षेत्रवासियों ने सामाजिक कार्यकर्ता/ किसान नेता बॉबी राजा और उनकी टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा शुरू कर दी है।














