– 2 घंटे 20 मिनट खड़ी रही ट्रेन, मरम्मत के बाद हुई रवाना 

झांसी। शुक्रवार को हजरत निजामुद्दीन से चलकर तिरुपति जा रही 12708 एपी सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस झांसी रेल मंडल में बबीना और खजराह के बीच दो हिस्सों में विभाजित हो गई। जिससे ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों में हड़कम्प मच गया, किन्तु संयोग से बड़ा हादसा टल गया। इस घटनाक्रम से ट्रेन 2 घंटे 20 मिनट खड़ी रही।

दरअसल, शुक्रवार को हजरत निजामुद्दीन से चलकर तिरुपति जा रही 12708 एपी सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस झांसी रेल मंडल में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन से अपने गंतत्व के लिए रवाना हुई। ट्रेन जब झांसी के बबीना और खजराह के बीच में चल रही थी तभी अचानक एस3 व एस4 कोच के बीच कपलिंग टूट गई। जिससे ट्रेन दो हिस्सों में विभाजित हो गई। यह देख यात्रियों में हड़कम्प मच गया। ट्रेन मैनेजर (गार्ड) की सूचना पर लोको पायलट ने गाड़ी को रोक दिया और इसकी सूचना कंट्रोल रूम में दी गई। सूचना मिलने पर सी एंड डब्लू व अधिकारी मौके पर पहुंचे और टूटी कपलिंग को सुधारा गया।

इसके कारण ट्रेन 12.07 से 14.28 बजे तक खड़ी रही। 14.28 बजे ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस घटनाक्रम के पीछे लूज कपलिंग बताया गया है।