मुस्लिम महिला मित्र व उसके भाई द्वारा ईसाई युवती को कब्रिस्तान में दफ़नाने का प्रयास
झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र के बीआईसी कॉलेज के पास अपनी महिला मित्र के घर पेइंग गेस्ट एक मणिपुरी युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद बिना पुलिस को सूचना दिए शव को जीवनशाह कब्रिस्तान में दफनाने की कोशिश से सनसनी फ़ैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। मृतका के पति द्वारा उठाए गए सवालों को लेकर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
मृतका की पहचान टेरेसा उर्फ सिम्मी के रूप में हुई है, जो सीपरी बाजार नंदनपुरा क्षेत्र के एक स्पा सेंटर में काम करती थी और नवाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बीआईसी के पास अपनी मुस्लिम महिला मित्र/सहकर्मी जोया के घर पेइंग गेस्ट थी। जोया ने बताया कि मृतका टेरेसा उर्फ सिम्मी उसके साथ सीपरी बाजार में नंदनपुरा में स्थित एक स्पा सेंटर में काम करती थी। वह सिम्मी को 3 -4 माह से जानती थी। एक ही जगह पर काम करने के दौरान दोनों के बीच दोस्ती गहरी हुई । सिम्मी के पास ज्यादा पैसे नहीं थे इसकी वजह से उसने सिम्मी को अपने घर में पेइंग गेस्ट रख लिया था।
कुछ दिन पूर्व सिम्मी की तबीयत खराब हुई जिसके बाद उसने दिल्ली में सिम्मी के पति को उसकी हालात के बारे में जानकारी दी लेकिन उसने पैसों की कमी के चलते उसने झांसी आने से इनकार कर दिया। जोया का कहना है कि उसने लगातार सिम्मी का इलाज कराया। कल वह उसे जिला अस्पताल में भी इलाज हेतु ले गई लेकिन वहां उसकी हालत खराब बताते हुए मेडिकल ले जाने के लिए कहा । इसके बाद कल शाम सिम्मी की मौत हो गई । मौत की पुष्टि जोया या उसके भाई ने किसी चिकित्सक द्वारा नहीं कराई और न ही पुलिस को सूचना दी।
कब्रिस्तान सदर ने शव दफनाने से किया इंकार
कब्रिस्तान के सदर मो . इमरान खान के अनुसार, शव लेकर मौके पर पहुंचे जोया और उसके भाई मृतका के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। दोनों पहले कानपुर चुंगी स्थित कब्रिस्तान पहुंचे थे, जहां से उन्हें लौटा दिया गया। इसके बाद वे जीवन शाह कब्रिस्तान पहुंचे, लेकिन वहां भी कब्रिस्तान प्रबंधन ने आवश्यक दस्तावेज न होने और मृतका के ईसाई समुदाय से होने की जानकारी मिलने पर दफनाने से इनकार कर दिया।
सहकर्मी के भाई से लिव इन में थी मृतका
जोया ने बताया कि सिम्मी और उसका भाई लिव-इन में रह रहे थे । जोया के भाई ने बताया कि वह लगभग 4 महीने से सिम्मी के साथ संबंध में था और उसे नहीं पता था कि उसकी शादी हो चुकी है, उसको टीबी की बीमारी थी और वह बहुत ज्यादा शराब भी पीती थी।
मृतका के पति व दोस्त ने लगाए आरोप
उधर, सिम्मी की मौत की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली से उसका पति जॉनसन अपने मित्र अमन सिंह के साथ झांसी पहुंचा। अमन ने बताया कि उसके दोस्त जॉनसन की पत्नी सिम्मी की मौत की जानकारी कल शाम मिली, जिसके बाद वह लोग आज सुबह झांसी आ पहुंचे। जहां पर आकर उन्हें पता चला कि सिम्मी जिस महिला मित्र के साथ रह रही थी, उसी के भाई के साथ उसके संबंध थे । सिम्मी और जोया का भाई लिव-इन में रह रहे थे।
अमन ने जोया और उसके भाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सिम्मी ईसाई है और यह लोग बिना सिम्मी के पति की इजाजत के उसके शव को यहां कब्रिस्तान में दफनाने के लिए ले आए । इससे पहले न तो उन्होंने सिम्मी की मौत के संबंध में पुलिस सूचना दी और न ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया और जब उन्होंने सिम्मी की मौत की वजह जानने की कोशिश की, तो यह लोग कोई ऊपरी साया होने की बात कह रहे हैं ।
उन्होंने यह भी आरोप लगाए कि जोया के पास सिम्मी का फोन है और वह फोन भी नहीं दे रही है। उस फोन में सारी जानकारियां होंगी जिसे जोया ने अपने कब्जे में ले लिया है। अमन ने पुलिस प्रशासन और मुख्यमंत्री से गुहार लगाते हुए पूरे मामले की गहराई से जांच कराये जाने और मृतका के पति को इंसाफ दिलाने की मांग की है ।
सूचना मिलने पर जीवनशाह कब्रिस्तान पहुंची नवाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस सिम्मी की रहस्यमई मौत व चोरी छिपे शव को दफनाने के प्रयास की जांच पड़ताल में जुटी है। सिम्मी की मौत के रहस्य के अनावरण का इंतजार है।














