झांसी। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद डॉ.चंद्रपाल सिंह यादव ने सपा के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव की गिरफ्तारी पर कड़े शब्दों में निंदा की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन द्वारा फर्जी मुकदमों और साजिश के तहत समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नेताओं का जबरन उत्पीड़न किया जा रहा है जो कि अनुचित है। उन्होंने कहा कि गरौठा के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव को पुलिस प्रशासन ने फर्जी आरोप में फंसाकर गलत तरीके से गिरफ्तार किया है। प्रशासन के इस तानाशाही रवैए को समाजवादी पार्टी बिलकुल बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह की गिरफ़्तारी की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा है कि पुलिस प्रशासन ने पूर्व विधायक पर मनगढ़ंत और फर्जी आरोप लगाकर उन्हें फंसाने की साजिश रची है।

पूर्व सांसद ने कहा है कि प्रदेश सरकार को प्रशासन के ऐसे कृत्यों का संज्ञान लेते हुए तानाशाह अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही करनी चाहिए। उन्होंने मांग की है कि पूर्व विधायक के खिलाफ लगाए गए फर्जी आरोपों को खारिज कर उन्हें तत्काल रिहा किया जाए।