घटना स्थल का एसएसपी ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश 

झांसी। जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छपरा में खेत में मेड़ किनारे एक ग्रामीण का रक्त रंजित शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। पुलिस द्वारा जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। वही एसएसपी राजेश एस और एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया। स्पष्ट है कि ग्रामीण की हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया। फिलहाल हत्या का कारण और हत्यारे कौन थे का  सुराग नहीं मिला है।

बड़ागांव के ग्राम छपरा निवासी 36 वर्षीय श्रीकांत यादव कल शाम अपने घर से खेत पर गया था। इसके बाद वह घर नही लौटा, आज सुबह परिजनों ने उसकी खोजबीन की तो उसका शव खून से सना हुआ खेत में मेड़ किनारे उल्टा पड़ा दिखाई दिया। श्रीकांत बीती रात गांव में ही स्थित उसके खेत में लगी धान की फसल में पानी लगाया था, जिसे देखने के लिए वह खेत पर गया हुआ था। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह घर से बाइक लेकर खेत के लिए निकला था। बाइक को खेत से पहले खड़ा कर पैदल चला गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। पत्नी पूजा ने उसे कई फोन किए, परंतु कोई जवाब नहीं दिया गया। सुबह पड़ोसी किसान बनमाली ने श्रीकांत को खेत पर पड़ा देखा। पास में मेढ़ पर उसका मोबाइल फोन रखा हुआ था।

बहनोई गजराज सिंह ने बताया कि साले श्रीकांत का गला कटा हुआ था तथा शरीर पर बारह जगह चोट के निशान थे। पास में एक चाकू पड़ा भी मिला। उन्होंने साले की हत्या का आरोप लगाया। बड़ागांव थाना में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना पुलिस सहित एसएसपी राजेश एस और एफ एस एल टीम मौके पर पहुंच गई। शव की स्थिति को देखकर स्पष्ट है कि ग्रामीण की निर्मम हत्या की गई है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। इधर ग्रामीण की हत्या से पूरे गांव में सनसनी फैली हुई है।