झांसी। झांसी नगर निगम में छह सफाई कर्मचारियों की बर्खास्तगी से नाराज सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को नगर निगम में जमकर बवाल काटा। उप्र सफाई मजदूर संघ के बैनर तले प्रदर्शन करते हुए सफाई कर्मचारियों ने बर्खास्तगी कार्रवाई को तत्काल निरस्त करने की मांग की।

मंगलवार को दोपहर करीब साढ़े बारह बजे उप्र सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष अशोक प्याल की अगुवाई में सैकड़ों सफाई कर्मचारी नगर आयुक्त कार्यालय पहुंच गए। नारेबाजी करते हुए गेट पर ही सफाई कर्मचारी बैठ गए। सैकड़ों कर्मचारियों के जमा होने से वहां हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलने पर इलाइट पुलिस चौकी प्रभारी अश्वनी दीक्षित भी पहुंच गए। भारी हंगामे के बीच नगर आयुक्त ने यूनियन प्रतिनिधियों को बुलाया लेकिन, वार्ता नहीं हुई। इसके बाद सफाई कर्मचारी लामबंद होकर मुख्य गेट के सामने पहुंच गए। यहां भी कर्मचारियों ने काफी देर तक नारेबाजी की। यूनियन नेताओं ने मांग पूरी न होने पर 22 अक्तूबर से हड़ताल का अल्टीमेटम दिया है।

प्रदर्शन के दौरान बालकृष्ण, कुंदनलाल, मुन्नालाल, सुभाष माते, रामजी सरन, शंभू, कैलाश चंद्र, महेंद्र करौसिया, उमेश, रवि खरारे, विक्की, विशाल, कपिल, आकाश समेत अन्य उपस्थित थे।